उत्पीड़न का शिकार हुई महिलाओं को प्रत्याशी बनाएंगी प्रियंका गांधी

नई दिल्ली ! उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की बात कही है। इसे देखते हुए अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का एक नया बयान सामने आया है। उन्होंने टिकट में ऐसी महिलाओं को प्राथमिकता देने की बात कही जो सामाजिक रूप से संघर्ष कर रही हैं और जो समाज में किसी न किसी तरह उपेक्षा और अपराध का शिकार हुई हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी तेजाब से हुए हमले की शिकार महिलाओं, पुलिस उत्पीड़न की शिकार महिलाओं और यौन शोषण की शिकार महिलाओं को चुनावी टिकट में प्राथमिकता देगी।

प्रियंका पहले उस महिला से मिलेंगी और उसका इंटरव्यू लेंगी। इसके बाद ही वह टिकट फाइनल करेंगी।कांग्रेस उन महिलाओं को प्राथमिकता देगी जो समाज से उपेक्षित हैं और जो लंबे समय से समाज सेवा में काम कर रही हैं। या किसी न किसी तरह से प्रताड़ित की जा रही हैं। गौरतलब है कि अगले साल 5 राज्य गोवा, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने है। जिसके चलते सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। राज्य में अपनी सत्ता हासिल करने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।

Related Articles