IND vs SL Test: देवदत्त पडिक्कल का फिर गरजा बल्ला, दूसरे टेस्ट में भी जड़ा शतक; रचा खास इतिहास

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़कर लगातार दूसरे टेस्ट में सेंचुरी पूरी की। उन्होंने 166 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 117 रन की पारी खेली।

IND vs SL Test: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज में देवदत्त पडिक्कल का बल्ला जमकर बोल रहा है। कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में पडिक्कल ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में लगातार दो मैचों में शतक लगाने का खास कारनामा अपने नाम कर लिया।

पडिक्कल ने दूसरे टेस्ट में 166 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। वह 117 रन बनाकर आउट हुए और अपनी पारी में 12 चौके लगाए। इससे पहले उन्होंने गॉल में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट की पहली पारी में भी शानदार 167 रन बनाए थे। यानी दो टेस्ट की लगातार पारियों में पडिक्कल के बल्ले से शतक देखने को मिला है।

सात साल बाद हुआ ऐसा कारनामा

देवदत्त पडिक्कल की इस उपलब्धि ने उन्हें टीम इंडिया के एक दिग्गज बल्लेबाज के खास क्लब में शामिल कर दिया है। टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए करीब सात साल बाद किसी बल्लेबाज ने लगातार दो टेस्ट मैचों में शतक लगाने का कारनामा किया है।

पडिक्कल से पहले यह उपलब्धि चेतेश्वर पुजारा ने हासिल की थी। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाकर पडिक्कल ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट में अपनी खास जगह बना ली है।

Breakup Tips: ब्रेकअप के तुरंत बाद भूलकर भी न करें ये 5 काम, वरना बढ़ सकता है दर्द और पछतावा

दूसरे टेस्ट में भी दिखा पडिक्कल का आत्मविश्वास

पहले टेस्ट में 167 रनों की बड़ी पारी खेलने के बाद पडिक्कल से दूसरे मुकाबले में भी बड़ी पारी की उम्मीद थी। उन्होंने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की पारी को संभाला और शतक तक पहुंचाया।

इस दौरान उनकी कप्तान शुभमन गिल के साथ भी अहम साझेदारी हुई। गिल ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 50 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 120 रनों की साझेदारी हुई, जिसने भारतीय पारी को मजबूती दी।

सीरीज में पडिक्कल का बल्ला बना टीम इंडिया की ताकत

श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में देवदत्त पडिक्कल लगातार रन बना रहे हैं। पहले टेस्ट में 167 रन और अब दूसरे टेस्ट में 117 रन की पारी ने उन्हें सीरीज के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है।

लगातार दो टेस्ट में शतक लगाने के बाद अब निगाहें इस बात पर हैं कि पडिक्कल इस सीरीज में आगे कितने रन बनाते हैं। भारतीय टीम के लिए उनकी फॉर्म निश्चित तौर पर बड़ी राहत और मजबूत बल्लेबाजी क्रम का संकेत है।

Related Articles