Lucknow Hospital: राजधानी के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अस्पताल के इमरजेंसी ब्लॉक स्थित वॉशरूम से एक नवजात शिशु का शव बरामद होने के बाद पूरे परिसर में हलचल मच गई।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल कर्मचारियों को वॉशरूम के भीतर नवजात दिखाई दिया। नजदीक जाकर देखने पर उसके मृत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नवजात अस्पताल तक कैसे पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में पुलिस अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हर पहलू से की जा रही जांच
जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि नवजात को अस्पताल में किसने छोड़ा और घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मामला पुलिस के पास है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराए।



