Asian Games 2026: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत ने आखिरकार अपना गोल्ड मेडल खाता खोल दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का अपना खिताब भी बरकरार रखा है। इससे पहले 2022 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था।
इससे पहले मौजूदा एशियन गेम्स में भारत के खाते में 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल आए थे, लेकिन गोल्ड का इंतजार था। महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस इंतजार को खत्म कर दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए और फिर श्रीलंका की पूरी टीम को सिर्फ 69 रन पर समेट दिया।
मंधाना-शेफाली ने दी विस्फोटक शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़कर टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी।
स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए। इस साझेदारी ने शुरुआती ओवरों में ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
मंधाना की इस पारी का एक और खास रिकॉर्ड रहा। उन्होंने 79 रन बनाने के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 11 हजार रन पूरे कर लिए। ऐसा करने वाली वह पहली महिला क्रिकेटर बनीं।
ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में मचाया धमाल
शुरुआती बल्लेबाजों के बाद ऋचा घोष ने भारतीय पारी को जबरदस्त फिनिश दिया। उन्होंने महज 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोक दिए। ऋचा की पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
भारत ने 20 ओवर पूरे होने तक 216 रन बनाए। यह एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट इतिहास में भारत का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। इस स्कोर के साथ श्रीलंका के सामने 217 रन का लक्ष्य था।
भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंका बेबस
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। शुरुआत से ही विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और पूरी टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई।
श्रीलंका की तरफ से कप्तान चमारी अटापट्टू ने 29 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का ज्यादा देर तक सामना नहीं कर सका।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी को 2-2 विकेट मिले। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और श्रीलंका को लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंचने दिया।
Asian Games 2026: फाइनल में स्मृति मंधाना-शेफाली का तूफान, एक पारी में बने कई बड़े रिकॉर्ड
एशिया कप के बाद फिर श्रीलंका पर भारी पड़ा भारत
दिलचस्प बात यह है कि सितंबर में ही भारत और श्रीलंका के बीच महिला एशिया कप 2026 का फाइनल भी खेला गया था। उस मुकाबले में भी भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब एशियन गेम्स के फाइनल में दोनों टीमें फिर आमने-सामने आईं और भारत ने एक बार फिर बाजी मार ली।
एशियन गेम्स के लगातार दूसरे संस्करण में भारत और श्रीलंका महिला क्रिकेट के गोल्ड मेडल मुकाबले में आमने-सामने थे। भारत ने हांगझोऊ में मिली पिछली जीत को दोहराते हुए एक बार फिर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न सिर्फ खिताब बरकरार रखा, बल्कि एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला गोल्ड भी जीत लिया।



