Rashmika Mandanna: अभिनेत्री रश्मिका मंदाना जल्द ही फिल्म ‘मायसा’ में एक अलग और दमदार अंदाज में नजर आने वाली हैं। यह फिल्म एक्शन और रोमांच से भरपूर बताई जा रही है। फिल्म के निर्देशक रविंद्र पुल्ले ने हाल ही में बताया कि आखिर इस खास किरदार के लिए रश्मिका को चुनने का विचार उनके मन में कैसे आया।
रविंद्र पुल्ले के मुताबिक, रश्मिका से उनकी पहचान फिल्म ‘सीता रामम’ के दौरान हुई थी। उस फिल्म में उन्होंने बतौर फर्स्ट असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था। इसके अलावा वह फिल्म के कुछ हिस्सों में अतिरिक्त संवाद लेखन और सेकंड यूनिट डायरेक्शन से भी जुड़े थे। इसी दौरान उन्हें रश्मिका के साथ कुछ दृश्यों पर काम करने का मौका मिला।
एक सीन ने बदल दिया पूरा नजरिया
निर्देशक ने बताया कि रश्मिका के साथ एक दृश्य की शूटिंग के दौरान उनकी नजर अभिनेत्री की आंखों पर गई। उस सीन में उनकी आंखों में गुस्से और तीव्र भावनाओं को देखकर उन्हें महसूस हुआ कि रश्मिका ‘मायसा’ के किरदार के लिए बिल्कुल उपयुक्त हो सकती हैं।
रविंद्र पुल्ले ने यह भी कहा कि उन्हें रश्मिका की आंखें बेहद पसंद हैं। इसी दौरान उन्होंने अभिनेत्री से मजाकिया अंदाज में यह तक कह दिया था कि एक दिन वह उनकी फिल्म की हीरोइन जरूर बनेंगी।
स्क्रिप्ट सुनते ही रश्मिका ने दी मंजूरी
समय बीतने के बाद जब ‘मायसा’ की कहानी तैयार हुई तो रविंद्र पुल्ले ने रश्मिका को फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाई। कहानी और किरदार उन्हें पसंद आया और उन्होंने फिल्म का हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी।
निर्देशक के अनुसार, रश्मिका ने इस भूमिका को सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं रखा, बल्कि एक्शन सीक्वेंस के लिए खुद को तैयार करने में भी काफी मेहनत की।
इटली और थाईलैंड में सीखी एक्शन की बारीकियां
फिल्म में अपने एक्शन अवतार को प्रभावी बनाने के लिए रश्मिका ने इटली और थाईलैंड में विशेष ट्रेनिंग ली। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग बॉडी पोस्टचर, किकिंग तकनीक और एक्शन से जुड़ी कई बारीकियां सीखीं।
रविंद्र पुल्ले ने अभिनेत्री की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि रश्मिका ने फिल्म के लिए अपनी ओर से पूरी ताकत झोंक दी और अपेक्षा से कहीं ज्यादा योगदान दिया।
‘मायसा’ में रश्मिका का यह नया अवतार उनके अब तक के किरदारों से अलग नजर आने वाला है। फिल्म की कहानी और अभिनेत्री का एक्शन अंदाज सामने आने के बाद दर्शकों की नजर अब इसके अगले अपडेट पर बनी हुई है।



