Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोककलाओं को नई पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक जिला-एक कला’ (ओडीओए) की अवधारणा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रदेश में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है, उसी तर्ज पर प्रत्येक जिले की विशिष्ट कला को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इसके लिए संस्कृति विभाग और संबंधित अकादमियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और लोकपरंपराओं ने तमाम चुनौतियों के बावजूद देश की सांस्कृतिक आत्मा को सुरक्षित रखा है। स्वतंत्रता के बाद कई लोककलाओं और पारंपरिक वाद्ययंत्रों को अपेक्षित संरक्षण नहीं मिल सका। किसी कला का लुप्त होना केवल एक विधा का समाप्त होना नहीं, बल्कि उससे जुड़ी पहचान, परंपरा और इतिहास का भी खो जाना है।
योगी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद की अपनी अलग सांस्कृतिक विशेषता और कलात्मक पहचान है। इन विशिष्टताओं की पहचान कर उन्हें संरक्षित करने तथा कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने संस्कृति विभाग और अकादमियों से कहा कि वे ‘एक जिला-एक कला’ की दिशा में ठोस प्रयास करें, ताकि स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा सामने आ सके और पारंपरिक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और निर्यात को नई दिशा दी है। प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है। इसी प्रकार ‘एक जिला-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) की अवधारणा में भी अपार संभावनाएं हैं। अब प्रदेश की कला और सांस्कृतिक विरासत को भी इसी तरह व्यवस्थित पहचान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने पंच प्रण का संकल्प रखा है, जिसमें अपनी विरासत पर गर्व करना भी शामिल है। काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र में सांस्कृतिक केंद्रों के विकास के साथ दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजनों ने प्रदेश की परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाई है। ऐसे आयोजनों से न केवल सांस्कृतिक चेतना मजबूत होती है, बल्कि नई पीढ़ी भी अपनी परंपराओं से जुड़ती है।
योगी ने युवाओं से आधुनिक तकनीक, डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ आगे बढ़ना समय की जरूरत है, लेकिन युवाओं को अपनी मिट्टी, लोकधुनों, गुरुजनों की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। आधुनिकता और परंपरा का संतुलन ही भारतीय संस्कृति को भविष्य में और अधिक मजबूत बनाएगा।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात से कहा कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर नियुक्तियों को प्राथमिकता दी जाए। जरूरत पड़ने पर चयन प्रक्रिया और आयु सीमा में नियमानुसार छूट देने पर भी विचार किया जाए, ताकि अकादमी के कार्यों को गति मिल सके।
कार्यक्रम में विचित्र वीणा, सारंगी और पखावज जैसे दुर्लभ वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि साधना और उपासना का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान शिव का डमरू, श्रीकृष्ण की बांसुरी और मां सरस्वती की वीणा भारतीय संस्कृति में संगीत के आध्यात्मिक महत्व को दर्शाते हैं।
उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों की संगीत परंपराओं का उल्लेख करते हुए पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर जैसी विभूतियों के योगदान को याद किया। इसके साथ ही ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल की बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोकविधाओं को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोट ने बताया कि अकादमी की स्थापना 13 नवंबर 1963 को हुई थी। इसका उद्देश्य संगीत, नृत्य, रंगमंच और लोककलाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने अकादमी में कर्मचारियों और सुविधाओं की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए रिक्त पदों को भरने का अनुरोध किया। साथ ही पुरस्कार राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकार किए जाने पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया।
समारोह में अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की गई और सांस्कृतिक प्रदर्शनी तथा रंगोली भी लगाई गई। इस अवसर पर विचित्र वीणा पर शिवांश सिंह, सारंगी पर अंशुल तुकवार, तबले पर सोहम मिश्रा, पखावज पर वैभव रामदास और बांसुरी पर अथर्व प्रताप सिंह ने प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रविशंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्रा, बिरजू महाराज कथक संस्थान के उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



