प्रयागराज। आगामी विधान सभा चुनाव 2022 को लेकर जहां एक ओर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है वहीं प्रशासन और पुलिस ने भी अपने स्तर से चुनाव को सकुशल संपन्न कराने की रणनीति भी बनाई है। प्रयागराज पुलिस की तैयारियाें को देखें तो वांछित अपराधियों की सूची तैयार की जा रही है। इनकी गिरफ्तारी भी की जा रही है। साथ ही उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली जा रही है। इनके बारे में यह भी पता लगाया जा रहा है कि चुनाव में इनके कारण बाधा तो उत्पन्न नहीं होती। इसके लिए पिछला रिकार्ड भी एकत्र किया जा रहा है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। साथ ही कई की हिस्ट्रीशीट भी खोली जा रही है। इन पर दर्ज अपराधों को भी अंकित किया जा रहा है। किन-किन थाना क्षेत्र में कौन-कौन से अपराध किए हैं, बकायदा इसका पता लगाया जा रहा है। संबंधित थाने से भी इसकी जानकारी ली जा रही है। चार्जशीट दाखिल हुई या नहीं, इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है।चुनाव के समय अवैध तरीके से शराब की बिक्री के मामले प्रकाश में आते रहे हैं। अभी कुछ समय पहले पंचायत चुनाव में ऐसे ही कई मामले पकड़े गए थे। जहरीली शराब पीने से कई लोगों को जान तक गंवानी पड़ी थी। पुलिस ने कई शराब माफिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इसके अलावा अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वाले लोगों को भी बड़ी संख्या में पकड़ा गया था। ऐसे में आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए पुलिस एक बार फिर शराब माफिया पर नजर रख रही है। इनके बारे में पता लगाया जा रहा है कि ये जेल में हैं या जमानत पर बाहर आ गए हैं। इनके घर पहुंचकर भी इन सभी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं आबकारी विभाग ने भी अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Related Articles

May 31, 2026
100
Lucknow News: बंसल क्लासेस (कोटा) का लखनऊ में भव्य शुभारंभ, बिमला इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में नए शैक्षणिक विंग का उद्घाटन

February 5, 2026
12

