Delhi Crime: मौसी को मेला दिखाने भेजा, फिर प्रेमी संग रची मौसा की हत्या की साजिश; 80 लाख के सोने पर थी नजर

रोहिणी में 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, मृतक की रिश्तेदार समेत चार गिरफ्तार; फ्लैट बेचने के बाद खरीदे गए सोने पर थी आरोपियों की नजर।

Delhi Crime: दिल्ली के रोहिणी इलाके में 60 वर्षीय राकेश खन्ना की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी की बहन की बेटी सिमरन ने कथित तौर पर अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले में सिमरन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला रोहिणी साउथ थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 का है। राकेश खन्ना का शव उनके घर से बरामद हुआ था। बताया गया कि घटना के वक्त वह घर में अकेले थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घर का लॉक खुलवाकर अंदर दाखिल हुए आरोपी

पुलिस की जांच में आरोप है कि वारदात वाले दिन सिमरन ने घर का सेंट्रल लॉक खुलवाया। इसके बाद चिराग और पारस घर के अंदर दाखिल हुए। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान राकेश खन्ना पर हमला किया गया।

जांच में सिमरन के प्रेमी हिमांशु का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि हिमांशु जिम चलाता है। पुलिस अब सभी आरोपियों की भूमिका और वारदात से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

DCP ने बताया कैसे सामने आया पूरा मामला

रोहिणी जिले के DCP शशांक जायसवाल के मुताबिक, पुलिस को शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना मिली थी। बताया गया था कि उसकी पत्नी उसे अस्पताल लेकर गई है और घर का सामान भी बिखरा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी की बहन की बेटी के इस मामले में शामिल होने का पता चला। पुलिस के अनुसार, उसे इलाके में घूमते हुए देखा गया था और वह कथित तौर पर दो अन्य लोगों को भी अपने साथ लेकर आई थी। इनमें से एक व्यक्ति ने पहले घर की रेकी की थी।

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में सिमरन, चिराग, पारस और हिमांशु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सिमरन ने कथित तौर पर पूरी साजिश तैयार की थी, जबकि चिराग और पारस ने वारदात को अंजाम देने में उसका साथ दिया।

पुलिस ने कुछ सामान बरामद करने की भी जानकारी दी है। मामले में हत्या और डकैती की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

Hathras Crime: पेट दर्द के बाद डॉक्टर के पास पहुंची 16 साल की किशोरी, जांच में खुला दादा की हैवानियत का राज

मौसी को मेले के बहाने घर से भेजा

पूछताछ में पुलिस के सामने कथित तौर पर यह बात आई कि सिमरन ने अपनी मौसी यानी मृतक की पत्नी और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों को मेला दिखाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया था।

परिवार के लोगों के बाहर जाने के बाद ही कथित तौर पर हत्या और लूट की योजना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने वारदात से पहले किस तरह रेकी की और घर में मौजूद सामान की जानकारी उन्हें कैसे मिली।

80 लाख रुपये के फ्लैट की बिक्री से जुड़ा कनेक्शन

पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि सिमरन को जानकारी थी कि राकेश खन्ना ने हाल ही में करीब 80 लाख रुपये में एक फ्लैट बेचा था। आरोप है कि इस रकम से उन्होंने सोना खरीदा था।

इसी सोने को हासिल करने की कथित लालच में सिमरन ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद सामान तथा अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles