Nitin Nabin Attacked on Congress: ‘वंदे मातरम्’ को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किया और कहा कि वह ‘वंदे मातरम्’ के महत्व को नहीं समझ सकते।
‘वंदे मातरम्’ पर राहुल गांधी को घेरा
नितिन नबीन ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी के संघर्ष और बलिदान से जुड़ी भावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गायन से आपत्ति है और कहा कि भारतीय संस्कृति को समझे बिना इसके महत्व को नहीं समझा जा सकता।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने इसे 2047 के विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि नई पीढ़ी को भी इससे जोड़ने की जरूरत है।
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
नितिन नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की राजनीति देश को बांटने वाली रही है। उन्होंने कांग्रेस को समाप्त करने की बात भी कही और आरोप लगाया कि पार्टी ने लंबे समय तक दलितों का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी बाद में और व्यक्ति सबसे अंत में’ के सिद्धांत पर काम करती है। नबीन ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी भारतीयों को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
Gold Silver Price Today: सोना हुआ सस्ता, चांदी में भी गिरावट, जानिए आपके शहर का नया रेट
हल्द्वानी विवाद का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में नितिन नबीन ने हल्द्वानी में हुए शुद्धिकरण विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर आरोप लगाया कि उन्होंने उत्तराखंड की पवित्र भूमि को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा करने की कोशिश की।
नबीन ने कांग्रेस पर धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आस्था से गहराई से जुड़े हुए हैं और किसी भी राजनीतिक प्रयास से इन भावनाओं को प्रभावित नहीं किया जा सकता।
‘वंदे मातरम्’ को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच नितिन नबीन का यह बयान राजनीतिक बहस को और तेज कर सकता है।



