PM Modi Rozgar Mela 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुए कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारियों के साथ काम करने और देश की युवा आकांक्षाओं को समझने का संदेश दिया।
कविता के जरिए युवाओं को संदेश
पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।” उन्होंने कहा कि भारत का युवा आज इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने और चुनौतियों का सामना करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ युवाओं को अपनी भूमिका को भी समझना होगा।
युवाओं की आकांक्षाओं को समझने की अपील
प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी व्यवस्था का हिस्सा बनने के बाद उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। हर फैसला और फाइल पर किया गया हस्ताक्षर युवाओं की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने वाला होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए युवाओं के रास्ते की बाधाएं कम करने और उनके आइडिया को आगे बढ़ाने के अवसर तलाशने चाहिए। पीएम मोदी ने इनोवेशन, निवेश और रोजगार के नए अवसरों के बीच संबंध पर भी जोर दिया।
लोगों की परेशानियों को कम करने पर जोर
पीएम मोदी ने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि जिन परेशानियों से वे या उनके माता-पिता गुजरे हैं, उनसे दूसरे नागरिकों को बचाने की कोशिश करनी चाहिए। सरकारी व्यवस्था में रहते हुए लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में काम करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी केवल एक पद या जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके जरिए लोगों की जिंदगी को आसान बनाने का अवसर भी मिलता है।
नई टेक्नोलॉजी सीखते रहें युवा
पीएम मोदी ने युवाओं से लगातार अपनी स्किल्स बेहतर करने और नई तकनीक व नए सिस्टम को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियुक्ति के साथ सीखने की यात्रा खत्म नहीं होती, बल्कि एक नई यात्रा शुरू होती है।
बदलते समय के साथ तकनीक और काम करने के तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को लगातार नई चीजें सीखते हुए खुद को अपडेट रखना होगा।
20वें रोजगार मेले में 51 हजार से ज्यादा नियुक्ति पत्र
20वें रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 45 स्थानों पर किया गया। इस दौरान 51 हजार से अधिक युवाओं को केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए।
सरकार के मुताबिक, इस रोजगार मेले के बाद रोजगार मेलों के माध्यम से नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की संख्या करीब 12.75 लाख हो जाएगी।



