GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। इंडिया पोस्ट की ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 के तहत 23,757 रिक्त पदों पर आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन कर लिया है, वे 21 सितंबर शाम 5 बजे तक अपना आवेदन फॉर्म पूरा कर सकते हैं और निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं।
10वीं पास उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उम्मीदवार के पास गणित और स्थानीय भाषा का ज्ञान भी होना चाहिए। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
बिना परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा। चयन पूरी तरह 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची से किया जाएगा। यदि किसी बोर्ड ने ग्रेडिंग सिस्टम अपनाया है तो उसे निर्धारित नियमों के अनुसार अंकों में परिवर्तित किया जाएगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। वहीं महिला, ट्रांसजेंडर, एससी, एसटी और PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को शुल्क भुगतान से छूट दी गई है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा रिक्तियां
इस भर्ती अभियान के तहत महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, झारखंड, केरल, ओडिशा, कर्नाटक और बिहार समेत कई राज्यों में बड़ी संख्या में पद भरे जाएंगे। महाराष्ट्र और तमिलनाडु में सबसे अधिक रिक्तियां घोषित की गई हैं।
सुधार का भी मिलेगा अवसर
फॉर्म भरने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी से कोई गलती हो जाती है तो उसे 23 और 24 सितंबर को आवेदन में संशोधन करने का मौका दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवार समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।



