दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा यात्रा’ से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित होने वाले इस विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की एक टीम CJP प्रमुख अभिजीत दिपके के ठिकाने पर पहुंची और उन्हें नोटिस थमाया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है और तिरंगा यात्रा के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की अनुमति नहीं ली गई है।
पुलिस ने चेतावनी दी कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, CJP ने पुलिस की ओर से सीमित संख्या में लोगों के साथ मार्च निकालने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
अभिजीत दिपके के घर पहुंची पुलिस, क्या है नोटिस में?
प्रस्तावित तिरंगा यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस की टीम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SCP के प्रवक्ता अनीश गवांडे के आवास पर पहुंची, जहां अभिजीत दिपके के ठहरने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने उन्हें नोटिस देकर बताया कि कनॉट प्लेस में BNSS की धारा 163 लागू है और प्रस्तावित यात्रा के लिए संबंधित प्राधिकरण से अनुमति नहीं मिली है।
नोटिस के मुताबिक, यदि आयोजक प्रतिबंधों के बावजूद कनॉट प्लेस पहुंचकर मार्च निकालते हैं, तो इसे लागू आदेशों का उल्लंघन माना जा सकता है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस ने 11 लोगों के मार्च का दिया था प्रस्ताव
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने CJP को 11 लोगों के साथ तिरंगा मार्च निकालने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, अभिजीत दिपके ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद NDMC ने सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया।
प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के साथ यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किए हैं। कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले कुछ रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी यात्रियों को संभावित जाम और यातायात संबंधी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।
ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ है तिरंगा यात्रा
CJP की ‘लहरा दो तिरंगा यात्रा’ का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना है। यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर किया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि इस प्रदर्शन के जरिए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। इस प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ-साथ वामपंथी छात्र संगठनों ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) का भी समर्थन मिलने की बात सामने आई है।
शाम 5 बजे मार्च निकालने का ऐलान
CJP ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम 5 बजे तिरंगा यात्रा शुरू करने का ऐलान किया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने और क्षेत्र में प्रतिबंध लागू होने के कारण प्रदर्शन को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
एक तरफ आयोजक SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजाम मजबूत कर रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि CJP अपने घोषित कार्यक्रम को किस तरह आगे बढ़ाती है और प्रशासन इस दौरान स्थिति को कैसे संभालता है।



