UP Voter List 2026: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से पिछली ड्राफ्ट मतदाता सूची में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने का दावा किए जाने के बाद अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस मुद्दे पर विभाग का पक्ष रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन विभाग की मतदाता सूची में किसी भी मतदाता का धर्म दर्ज नहीं किया जाता। सूची में मतदाता का नाम, संबंध और उम्र जैसे सामान्य विवरण ही उपलब्ध रहते हैं।
नवदीप रिणवा के मुताबिक, निर्वाचन विभाग धर्म के आधार पर मतदाताओं का अलग से कोई आंकड़ा तैयार नहीं करता। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी माध्यमों से मतदाता सूची की पीडीएफ फाइल को डेटाबेस में बदलकर उसका विश्लेषण करना संभव है। बाजार में कई ऐसे एप और सॉफ्टवेयर मौजूद हैं, जिनके जरिए डेटा को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जा सकता है। ऐसे विश्लेषण को निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आधिकारिक धर्म आधारित आंकड़ा नहीं माना जा सकता।
सात महीने में मतदाताओं की संख्या में 18.84 लाख का इजाफा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश की मतदाता सूची के नए आंकड़े भी सामने रखे। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को जारी सूची में उत्तर प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या 13,39,84,792 थी। वहीं, 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में यह संख्या बढ़कर 13,58,68,905 हो गई है।
इस तरह दोनों सूचियों की तुलना में कुल 18,84,113 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
16 दिसंबर तक मिलेगा नाम जुड़वाने और सुधार का अवसर
नवदीप रिणवा ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस अवधि में जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा गलत या अपात्र प्रविष्टियों पर आपत्ति और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन भी कराया जा सकेगा।
इसके लिए निर्वाचन विभाग ने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था की है। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
नवंबर में चार दिन विशेष अभियान
मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष अभियान भी चलाएगा। इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
इन अभियान दिवसों के दौरान बूथ स्तर पर मतदाताओं को आवेदन और संशोधन संबंधी प्रक्रिया में मदद दी जाएगी। विभाग का विशेष ध्यान युवा और महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर रहेगा, ताकि पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
महिला मतदाताओं की संख्या में अंतर पर चिंता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची की प्रविष्टियों को सही रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि जनसंख्या के अनुमान के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में करीब दो करोड़ का अंतर सामने आ रहा है। इस अंतर में महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक कम है।
निर्वाचन विभाग इस अंतर को ध्यान में रखते हुए पात्र महिलाओं और युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही सूची में पहले से दर्ज नामों और अन्य विवरणों की शुद्धता की जांच भी की जाएगी।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है या दर्ज विवरण में कोई गलती है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित फॉर्म भरकर दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।



