Parliament Winter Session: शीतकालीन सत्र पर चुप्पी से कांग्रेस नाराज, जयराम रमेश ने मोदी-शाह से पूछा- आखिर क्या चल रहा है?

Parliament Winter Session: परिसीमन के फॉर्मूले पर भी सरकार से मांगा जवाब

Parliament Winter Session: संसद के शीतकालीन सत्र की तारीख और परिसीमन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद सत्र को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सरकार को देश के सामने अपनी योजना स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में लगातार चुप्पी बनाए रखना कई सवाल खड़े करता है।

जयराम रमेश ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि यदि संसद का शीतकालीन सत्र आयोजित होना है तो अब तक उसकी तारीख घोषित क्यों नहीं की गई? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि मानसून सत्र को दोबारा बुलाने की योजना है तो सरकार को इसकी जानकारी भी सार्वजनिक करनी चाहिए। उनके मुताबिक, मानसून सत्र को अभी तक औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है।

परिसीमन पर भी सरकार से सवाल

कांग्रेस महासचिव ने परिसीमन को लेकर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कथित कोशिशों के बीच देश को यह जानने का अधिकार है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह परिसीमन के लिए किस योजना या फॉर्मूले पर काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार के पास इस संबंध में कोई स्पष्ट खाका है?

सस्पेंस के पीछे दो संभावनाएं बताईं

जयराम रमेश ने संसद सत्र और परिसीमन को लेकर बनी स्थिति के दो संभावित कारण बताए। उन्होंने कहा कि पहली संभावना यह है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री खुद असमंजस में हैं और अपने ही बयानों तथा दिखावे के जाल में उलझ गए हैं। दूसरी आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि इसके पीछे कोई खतरनाक साजिश भी हो सकती है।

अपने पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की अनिश्चितता संसद जैसी संस्था को और कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि संसद पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रही है और मौजूदा घटनाक्रम उसकी स्थिति को और प्रभावित कर सकता है।

पिछले साल 25 नवंबर से शुरू हुआ था सत्र

पिछले वर्ष संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने 5 नवंबर 2025 को जानकारी दी थी कि संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा। इसी संदर्भ में कांग्रेस ने इस बार सत्र की तारीखों की घोषणा में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं।

फिलहाल कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Related Articles