प्रोफेसर की हालत बिगड़ी,पत्नी पर चाय में जहर मिला कर देने का आरोप

कानपुर। शहर में कल्याणपुर क्षेत्र अंतर्गत गौतम विहार में रहने वाले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर की रविवार देर रात अचानक तबियत खराब होने पर दोस्त ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने अपनी ही पत्नी पर चाय में जहर मिला कर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गौतम विहार में रहने वाले निखिल अग्निहोत्री कानपुर देहात के रूरा स्थित डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। उन्होंने बताया कि सितंबर 2017 को उनकी शादी फतेहपुर के शकुन नगर सिविल लाइन निवासी आरती से हुई थी।

शादी के एक वर्ष बाद सितंबर 2018 को पत्नी अपने भाई व मां के साथ मिलकर उनकी मां से मारपीट की और उनके सारे गहने उठा ले गई थी। इसपर उन्होंने पत्नी व ससुरालीजनों पर घरेलू हिंसा और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से पत्नी आरती मायके में रह रही थी। 20 जुलाई 2021 को पत्नी पुलिस की मदद से वापस घर में आकर रहने लगी। रविवार को वह मां को अरौल में रहने वाली मौसी के घर पर छोड़ने गया था। देर रात घर लौटे तो पत्नी चाय बनाकर ले आई।

चाय पीने के कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। उन्होंने अपने दोस्त घनश्याम मिश्रा को फोन करके बुला लिया,जो उन्हें हैलट अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद निखिल की हालत सामान्य बताई जा रही है। होश आने पर उन्होंने अपनी पत्नी पर ही चाय में जहर मिला कर पिलाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है,तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

कल्याणपुर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित निखिल ने बताया कि पत्नी कल्याणपुर पुलिस के साथ सांठगांठ कर उसे काफी दिनों से परेशान कर रही है। पुलिस आए दिन उसे एक दिन में कई बार उसे थाने चौकी में बुलाती थी। इतना ही नहीं पुलिस उस पर झूठे मुकदमे लिखकर जेल भेजने की धमकी देते हुए दबाव बना पत्नी से समझौता करा दिया था।

Related Articles