लखनऊ में सरोजनीनगर से भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह ने किया नामांकन

लखनऊ । पुलिस सेवा में 11 वर्ष का कार्यकाल शेष रहने से पहले स्वैच्छि सेवानिवृति लेकर राजनीति के मैदान में उतरे राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी के रूप में सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके नामांकन में केन्द्र सरकार के मंत्री कौशल किशोर, उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा और उत्तर प्रदेश के मंत्री डा महेन्द्र सिंह के साथ परिवार के लोग मौजूद थे। लखनऊ कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राजेश्वर सिंह ने कहा कि हमें सामाजिक जीवन के आदर्शों को सर्वोपरि जानकर परिवारवाद, जातिवाद और समाज विध्वंस की घृणित राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रनिर्माण और जनसेवा की मर्यादित राजनीति का ही परचम लहराना है। उन्होंने कहा कि सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के रूप में उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर तथा योगी आदित्यनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री महेन्द्र सिंह के साथ आज नामांकन पत्र दाखिल किया।इससे पहले हमने श्रद्धा के केंद्र हनुमान सेतु मंदिर पर हनुमान जी, दुर्गा माँ और गणेश जी की आराधना कर नामांकन दाखिल करने के लिए आशीर्वाद लिया। परमात्मा मुझे उत्कृष्ट रूप में जनसेवा करने की शक्ति प्रदान करें। राजेश्वर सिंह ने इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। भारतीय जनता पार्टी ने प्रवर्तन निदेशालय में संयुक्त निदेशक रहे राजेश्वर सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। राजेश्वर सिंह मंगलवार को नई दिल्ली में अपने विभाग से विदाई लेने के बाद रात में आगरा पहुंचे। आगरा में उनकी मां फिलहाल निवास कर रही हैं। राजेश्वर सिंह ने बुधवार सुबह अपनी मां का आशीर्वाद लिया। बड़े भाई के साथ आगरा पहुंचे राजेश्वर सिंह मां का आशीर्वाद लेकर कर्मक्षेत्र लखनऊ के सरोजनीनगर की ओर अग्रसर हुए।
स्वाती सिंह ने राजेश्वर सिंह को बधाई दी। राजेश्वर सिंह ने कहा कि हम तो मिलकर सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र का विकास कराएंगे। राजेश्वर सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह लखनऊ में आइजी जोन के पद पर तैनात हैं।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उत्तर क्षेत्र के संयुक्त निदेशक रहे राजेश्वर सिंह ने करीब 24 वर्ष की सरकारी सेवा की है। प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी राजेश्वर सिंह लखनऊ में सीओ गोमतीनगर व सीओ महानगर के पद पर तैनात रहे। वह प्रयागराज में भी अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाली। राजेश्वर 2009 में प्रतिनियुक्ति पर ईडी में गए थे और बाद में उन्हें ईडी में समायोजित कर लिया गया था। लगभग दस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में और 14 वर्ष ईडी में अपनी सेवाएं देने के बाद अब वह नौकरी छोड़कर दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। आइजी रेंज, लखनऊ लक्ष्मी सिंह उनकी पत्नी हैं। बहनोई राजीव कृष्ण एडीजी आगरा जोन हैं। एक और बहनोई वाईपी सिंह आईपीएस रहे, उन्होंने भी वीआरएस लिया था।

Related Articles