शिवपाल की कार्यकर्ताओं को चेतावनी, बोले- गरीबों-दुकानदारों को सताया तो भिजवा दूंगा जेल

इटावा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख और जसवंत नगर से सपा-प्रसपा गठबंधन प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने ताखा में कार्यकर्ताओं को चेताया कि किसी ने भी गरीब, वंचित, दुकानदार को धमकाने या गुंडागर्दी करने की कोशिश की तो वह खुद जेल भिजवाएंगे। वहीं ग्राम पंचायत हरदोई में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बोले-काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। उन्होंने दावा किया कि जसवंतनगर और करहल विधानसभा क्षेत्र से विरोधी प्रत्याशी बुरी तरह परास्त होंगे। सरकार बनने के बाद जनता के वोट का कर्ज उतारेंगे। ग्राम पंचायत हरदोई में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठ को जनता ने समझ लिया है। अब पूरे बहुमत के साथ समाजवादी सरकार बनने जा रही है इसलिए अब कोई चूक मत कर जाना। इधर ताखा के एसएस मेमोरियल कालेज में कार्यकर्ताओं से भेंट के दौरान उन्होंने कहा कि जमीनों और प्लाटों पर कब्जे की कोशिश करने वालों की गोपनीय शिकायत मिलने पर जेल भिजवाएंगे। भाजपा की किसान, व्यापारी, छात्र विरोधी सरकार के खिलाफ एकजुट होकर मतदान करें। भाजपा के कुशासन के खिलाफ सभी वर्ग के लोग एकजुट हैं, लेकिन हमें लोगों के विश्वास पर खरा उतरना होगा।अपने विकास कार्यों की याद दिलाते हुए कहा कि ताखा की गिनती जनपद के सबसे पिछड़े विकास खंड में थी। ताखा में माडल तहसील, विद्युत के उच्चीकृत पावर हाउस, इफको सेंटर, महाविद्यालय, अच्छी सड़कें, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उनके प्रयासों का ही नतीजा है। भाजपा सरकार के पांच वर्षों में थाना तहसील में भ्रष्टाचार बढ़ा है। ग्राम पंचायत हरदोई में ग्राम प्रधान सर्वेश यादव बाबा, विनोद यादव ठेकेदार, सीमा यादव, सुरेश शाक्य, नरेश गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, अशहर अली आदि वहां उपस्थित थे। ताखा में विधायक प्रतिनिधि चीनी यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष सरसईनावर अन्नू गुप्ता, ऊसराहार व्यापार मंडल अध्यक्ष रवि चक्रवर्ती, व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, ग्राम प्रधान सरसईनावर गंगाराम वाल्मीकि, राजाराम पाल, रामवीर यादव आदि उपस्थित रहे।

Related Articles