भाजपा ने कभी नहीं देखा अपना-पराया, मोदी-योगी ने पूरा किया बाबा साहब का सपना : ब्रजेश पाठक

कानपुर । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि डाॅ. भीमराव आंबेडकर ने सपना देखा था कि ऐसे हिंदुस्तान का निर्माण हो जिसमें कोई अगड़ा पिछड़ा ना हो, अमीर गरीब ना हो। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐसे ही देश का और प्रदेश का निर्माण कर रहे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित समरसता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। साकेत नगर स्थित होटल में डा. भीमराव आंबेडकर की जन्मतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज में वंचित लोगों को विशेष दर्जा देने का काम किया। आज केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भारतीय जनता पार्टी ही उनके बताए हुए रास्ते पर आगे चल रही है और गरीबों और पिछड़ों के जीवन को ऊंचा उठाने का कार्य किया है। मुंबई में बाबा साहब के पंचतीर्थ को तीर्थ स्थान बनाने का काम भी प्रधानमंत्री ने किया। प्रधानमंत्री ने उनकी उस सोच को विकसित किया कि हर एक व्यक्ति को पक्का मकान देना है, लोगों के घर बिजली और पानी पहुंचाना है। 2024 तक देश में हर घर तक नल से जल पहुंच जाएगा।डिप्टी सीएम ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि वह एक एक घर तक जाएं और लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ें। साथ ही उन्हें बताएं कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी अपना पराया नहीं देखा। समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कानपुर में गुंडे और माफिया कारों में बंदूक लेकर घूमते थे। उस समय कहा जाता था की सपा का जितना बड़ा झंडा, कार में बैठा उतना ही बड़ा गुंडा। लेकिन, आज हालात बदले हुए हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी गुंडों को उनकी जगह पर पहुंचा दिया है।भारतीय जनता पार्टी को इतना बड़ा वटवृक्ष बनाएं, जहां सभी आराम से रह सकें। उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाना है। कार्यक्रम का संचालन उत्तर जिला अध्यक्ष सुनील बजाज ने किया। कार्यक्रम में सांसद देवेंद्र सिंह भोले महापौर प्रमिला पांडे जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक सुरेंद्र मैथानी, अभिजीत सिंह सांगा, राहुल बच्चा, सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, दक्षिण जिला अध्यक्ष वीना आर्या, ग्रामीण जिला अध्यक्ष कृष्ण मुरारी शुक्ला रहे।

Related Articles