राकेश टिकैत ने गैर किसानों की लिंचिंग को सही ठहराया -कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ

प्रयागराज, संवाददाता। राकेश टिकैत ने गैर किसानों की लिंचिंग को सही ठहराया, यह चौकाने वाली बात है। बहुत ही निंदनीय बयान है। यह कहना है उत्‍तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह का। उन्होंने ट्वीट किया है कि हम लखीमपुरी खीरी की पूरी घटना की निंदा करते हैं और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में काम कर रहे हैं। मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी की। कहा कि अखिलेश यादव अपने गिरेबां में झांके। कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा पर भी कटाक्ष किया कि अकेले झाड़ू लगाने से राजस्थान के दुर्भाग्यपूर्ण दलित की लिंचिंग को न्याय नहीं मिलेगा। अगर भाई-बहन राजस्थान का रास्ता भूल गए हैं तो उन्हें एक गूगल मैप भेज देते हैं। इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने प्रियंका के झाड़ू लगाने वाले वीडियों पर कहा था कि देर आए दुरुस्त आए। मोदी जी के स्वच्छता अभियान के महत्व को आखिरकार प्रियंका वाड्रा ने स्वीकार कर ही लिया। यह भी कहा था कि कश्मीर में चुनाव नहीं है इसलिए भाई बहन और बाकी विपक्षी दल वहां नहीं जाएंगे।

Related Articles