सीएम भूपेश के ट्वीट पर बौखलाई भाजपा

रायपुर । उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी के ताप से प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। उप्र के दौरे पर गए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दो ट्वीट से यहां प्रदेश भाजपा के नेता बौखला गए हैं। इससे इंटरनेट मीडिया में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच ट्वीट वार श्ाुरू हो गया है। भाजपा की राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने बघेल को प्रियंका वाड्रा गांधी का ओएसडी बताते हुए विवादित ट्वीट कर दिया है। इस पर कांग्रेस ने भी तीखा पलटवार किया है।मुख्यमंत्री बघेल ने दो ट्वीट किए हैंं। एक में उन्होंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, प्रियंका वाड्रा गांधी और राहुल गांधी की संतों के आसान के नीचे बैठी तस्वीर के साथ पीएम मोदी की सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखने वाली तस्वीर पोस्ट की है। साथ में लिखा है, साधु-संतों के तो चरणों में बैठकर आशीर्वाद लिया जाता है। लेकिन एक तस्वीर देखकर उत्तर प्रदेश के लोगों में बहुत संदेह पैदा हुआ है। एक ‘योगी” के कंधे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हाथ रखा हुआ है।

क्या प्रधानमंत्री जी आदित्यनाथ को योगी नहीं मानते? अगर ये योगी नहीं तो कौन हैं? इसके बाद सीएम ने दूसरा ट्वीट किया।आज नेहरू युवा केंद्र, लखनऊ में उत्तर प्रदेश के विभिन्न व्यापारी वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक संवाद हुआ। अधिकतर लोगों ने कहा कि पहले हमने भाजपा को उम्मीद के साथ वोट दिया था लेकिन अब वे यह गलती नहीं दोहराएंगे। भाजपा लगातार छोटे, मध्यम व्यापारियों को खत्म कर रही है। राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने बघेल को रिट्वीट करते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी पर जिम्मेदारियां बहुत हैं, जिसकी वजह से वह अपना मूल कार्य नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें सीएम की कुर्सी किसी अन्य को देकर पूरी तरह प्रियंका जी के ओएसडी के रूप में उत्तर प्रदेश ही कैंप करना चाहिए। उनकी व्यस्तता राज्य के विकास में बाधा है।

Related Articles