जनता दर्शन में 225 लोगों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनी समस्या

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी ने सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर और आसपास के जिलों से आए 225 लोगों की समस्या सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान वह समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश भी देते रहे। हमेशा की तरह इस बार भी जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व विभाग के मामले ज्यादा आए।जनता दर्शन के लिए हिन्दू सेवाश्रम में मुख्यमंत्री सुबह करीब 7.30 बजे पहुंचे। वहां समस्या लेकर आए लोगोें को कुर्सियों पर पहले ही बैठाया जा चुका था।

मुख्यमंत्री बारी-बारी से हर व्यक्ति के पास खुद गए और उनका लिखित शिकायत पत्र लेकर समस्या को जाना। कुछ शिकायतों को समाधान के लिए कमिश्नर रवि कुमार एनजी तो कुछ के लिए डीएम विजय किरन आनंद और एसएसपी विपिन ताडा को निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। हिंदू सेवाश्रम में बैठे लोगों की समस्या सुनने के बाद यात्री निवास में बैठे लोगों को भी बुलाकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनी। जनता दर्शन के हिंदू सेवाश्रम में मुख्यमंत्री सवा आठ बजे तक रहे और उसके बाद मंदिर कार्यालय आ गए।जनता दर्शन के बाद गोरखनाथ मंदिर के कार्यालय से सटे लालकक्ष में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 100 लोगों से मुलाकात की। इनमें हिन्दू युवा वाहिनी, भारतीय जनता पार्टी और मंदिर से जुड़े लोग शामिल रहे। इस दौरान भी कुछ लोगोें ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री से कही।

Related Articles