UP GCC Summit 2026: उत्तर प्रदेश को देश और दुनिया का प्रमुख ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) हब बनाने की दिशा में योगी सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में आगामी 26 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ के सेंट्रम होटल में ‘यूपी जीसीसी इनोवेशन समिट 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस एक दिवसीय राज्यस्तरीय समिट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस रणनीतिक आयोजन के दौरान उद्योग जगत और संभावित निवेशकों के साथ 15 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाने तथा 5 ‘लेटर ऑफ कंफर्ट’ (LoC) जारी किए जाने का कार्यक्रम तय किया गया है।
आईआईटी कानपुर, इन्वेस्ट यूपी और एचसीएलटेक की संयुक्त पहल
आईआईटी कानपुर एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा ‘इवेस्ट यूपी’ और ‘एचसीएलटेक’ के विशेष सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस समिट में जीसीसी सेक्टर से जुड़े 100 से अधिक वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी, नीति-निर्माता, निवेशक, शिक्षाविद और बुनियादी ढांचा विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस मंच पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए यूपी में परिचालन विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।
2031 तक 500 से अधिक जीसीसी का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में वर्ष 2031 तक 500 से अधिक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में राज्य के भीतर बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं, सेमीकंडक्टर, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर और आईटी सेवाओं जैसे विविध क्षेत्रों में 200 से अधिक जीसीसी सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। ‘उत्तर प्रदेश जीसीसी नीति-2024’ के तहत पात्र निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 25 प्रतिशत तक कैपिटल सब्सिडी और 50 प्रतिशत तक लैंड सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।
प्रतिभा और बुनियादी ढांचे का संगम
एनसीआर से निकटता के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा पहले से ही जीसीसी निवेश के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। वहीं, अब राजधानी लखनऊ भी टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और ग्लोबल बिजनेस सर्विसेज के उभरते हब के रूप में अपनी जगह बना रहा है। युवाओं को इंडस्ट्री-रेडी बनाने के लिए इस समिट के दौरान आईआईटी कानपुर, आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी और आईआईआईटी लखनऊ समेत लगभग 13 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के साथ एमओयू साइन किए जाएंगे, जो राज्य को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगे।



