Prayagraj: राजकीय महाविद्यालय सैदाबाद और फैक्ट्रिका के बीच MoU, छात्रों को मिलेंगे ऑन-डिमांड जॉब के अवसर

Prayagraj: उच्च शिक्षा और उद्योग जगत का मजबूत समन्वय; कार्यशाला, ओरिएंटेशन और प्लेसमेंट के जरिए आत्मनिर्भर बनेंगे छात्र

Prayagraj: उच्च शिक्षा को सीधे रोजगार से जोड़ने और विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत के व्यावहारिक ज्ञान से लैस करने की दिशा में प्रयागराज स्थित राजकीय महाविद्यालय सैदाबाद ने एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। महाविद्यालय और उद्योग टेक वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (फैक्ट्रिका), नई दिल्ली के मध्य एक द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस दूरगामी पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुसार ऑन-डिमांड वर्क (On-Demand Work) के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव आवश्यक: प्रो. आशीष जोशी

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आशीष जोशी ने खुशी जताते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल, तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फैक्ट्रिका के साथ यह साझेदारी छात्रों को नए अवसरों से जोड़ने, करियर निर्माण को सही दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में बेहद कारगर साबित होगी।

इंडस्ट्री एक्स्पोजर और प्लेसमेंट ड्राइव से सवरेंगे करियर

कार्यक्रम के दौरान फैक्ट्रिका के प्रबंधक श्री शिवांश मिश्रा ने विद्यार्थियों को योजना की विस्तृत कार्यप्रणाली और भावी अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत कैंपस में विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम, स्किल-डेवलपमेंट कार्यशालाएं (Workshops), सेमिनार और डायरेक्ट प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के जरिए छात्रों को आधुनिक उद्योग जगत की मांगों, पेशेवर कार्य संस्कृति (Work Culture) और उभरती संभावनाओं से सीधे परिचित कराया जाएगा।

संस्थान एवं शिक्षकों की सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण समझौते को मूर्त रूप देने में डॉ. संतोष कुमार सिंह के विशेष प्रयासों और अग्रणी भूमिका की महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम में IQAC प्रभारी प्रो. आर. पी. सिंह, रोजगार एवं प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. अजय यादव, डॉ. प्रभात कुमार ओझा, और डॉ. यशवन्त यादव सहित महाविद्यालय के अन्य गणमान्य शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने भरोसा जताया है कि यह समझौता उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वर्णिम भविष्य का निर्माण करेगा।

Related Articles