कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। घंटाघर से टाटमिल चौराहे की ओर जा रही अनियंत्रित ई-बस ने कोहराम मचाया। बस के सामने आने से करीब आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक स्कूटी और बाइक तो बस में फंसकर करीब पचास मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि नौ घायल हैं। देर रात तक मृतकों में केवल तीन की शिनाख्त की जा सकी है। घायलों में भी कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। कुछ घायलों को हैलट तो कुछ को घटनास्थल के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना रात सवा ग्यारह बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घंटाघर से टाटमिल की ओर आ रही तेज रफ्तार ई-बस पुल से नीचे उतरते ही अनियंत्रित हो गई। पहले बस ने एक रिक्शा को टक्कर मारी। इसके बाद आगे चल रहे ई रिक्शा को भी अपने चपेट में ले लिया। माना जा रहा है कि बस चालक ने शराब पी रखी थी, क्योंकि इन हादसों के बाद बस अनयंत्रित होकर रांग साइड चली गई। उसके बाद जो भी वाहन सामने से आया, बस ने उसे कुचल दिया। कृष्णा अस्पताल से लेकर टाटामिल चौराहे पर दो कारें, दो बाइक व एक स्कूटी को बस ने अपनी चपेट में लिया। उसके बाद बस टाटमिल चौराहे पर सिग्नल पोल को तोड़ते हुए ट्रैफिक बूथ से टकराकर रुक गई। बस के रुकते ही चालक फांदकर मौके से फरार हो गया।
Related Articles

September 15, 2026
2
Rajasthan Civic Elections: CM के प्रभाव वाले इलाके में निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा

September 15, 2026
5

