लखनऊ । उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब ईवीएम को लेकर हंगाम मच गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके सहयोगी दलों ने ईवीएम की हैंडलिंग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसे लेकर सपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने वाराणसी समेत प्रदेश के कई जिलों हंगामा और धरना प्रदर्शन किया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि हमारे गठबंधन से भाजपा घबरा गई है। भाजपा ईवीएम में हेरफेर कर रही है। हमारे लोग सतर्क हैं, मतगणना स्थल की किलेबंदी कर दी है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने कहा कि वाराणसी में तीन गाड़ियां ईवीएम लेकर निकली हैं और ये बिना किसी को सूचित किए किया गया है। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक उम्मीदवार को बिना बताए और बिना फोर्स के ईवीएम को कहीं नहीं ले जाया जा सकता है, लेकिन उसे ढककर ले जाया गया है। ये घटना दर्शा रही है कि भाजपा हताश होकर फर्जी तरीके से गड़बड़ी कर रही है। हमने इसकी शिकायत आयोग को दी है।बता दें कि वाराणसी में यूपी कालेज में प्रशिक्षण के लिए वाहन से जा रही ईवीएम को सपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर रोका और जमकर हंगामा कर दिया। वाहन चालक व एक कर्मी को घंटों अपने कब्जे में रखा और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक जोन राम कुमार और पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ भी आवाज बुलंद कर ईवीएम में धांधली का आरोप लगाया। सपा कार्यकर्ताओं ने गुस्से में मीडिया को भी नहीं बख्शा। एक्जिट पोल को लेकर भी सपाइयों ने मीडिया को भला-बुरा कहा और एक टीवी चैनल का कैमरा भी तोड़ दिया। सपा ने मतगणना के लिए नियुक्त किए प्रभारी : समाजवादी पार्टी ने वाराणसी, सोनभद्र व बरेली में ईवीएम व पतपत्र मिलने की घटना के बाद मतगणना के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। इनमें विधायक, एमएलसी व पूर्व सांसद तक शामिल हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने सभी जिलों में एक-एक प्रभारी नियुक्त कर उन्हें बुधवार नौ मार्च को दिन में 11 बजे पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि सभी प्रभारियों को बुधवार सुबह पहुंच कर प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करनी है। इसके बाद प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। प्रभारी अपने-अपने यहां निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी मतगणना कराने में सहयोग प्रदान करेंगे। एक्जिट पोल में भाजपा की सरकार बनती दिखाए जाने के बाद समाजवादी पार्टी ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं व समर्थकों को सतर्क करते हुए कहा कि भाजपा की साजिश का यह एक हिस्सा है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि सपा ने अपनी चुनावी रणनीति पर सुनियोजित और संगठित तरीके से काम किया है। सपा गठबंधन को जनता का जितना स्नेह और समर्थन मिला है उससे 300 से अधिक सीटें आनी तय हैं। जनता में भाजपा के प्रति भारी रोष को देखते हुए कुछ प्रायोजित एक्जिट पोल भ्रम फैलाने के लिए दिखाए जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं को लिखे पत्र में कहा कि पश्चिम बंगाल में विधान सभा चुनावों के दौरान कुछ न्यूज चैनल भाजपा के पक्ष में आंकड़ेबाजी कर रहे थे लेकिन जनादेश ममता बनर्जी के पक्ष में गया था। उत्तर प्रदेश विधान सभा के चुनाव के एक्जिट पोल का भी यही हश्र होना तय है। इसलिए आप इंटरनेट मीडिया पर पर एक्टिव रहकर लगातार साथियों को सतर्क करते रहें।
Related Articles

May 31, 2026
94
Lucknow News: बंसल क्लासेस (कोटा) का लखनऊ में भव्य शुभारंभ, बिमला इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में नए शैक्षणिक विंग का उद्घाटन

February 5, 2026
12

