मुंबई, एजेंसियां। एकनाथ शिंदे के मुंबई में दाखिल होने के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर हो गया है। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे सूबे के नए मुख्यमंत्री होंगे। शपथ समारोह आज शाम 7.30 बजे होगा। मालूम हो कि एकनाथ शिंदे गुरुवार दोपहर को गोवा से मुंबई पहुंचे। उन्होंने भाजपा के कद्दावर नेता देवेंद्र फडणवीस से दक्षिण मुंबई में उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। शिंदे और फडणवीस के बीच बैठक हुई जिसके बाद दोनों नेता राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को समर्थक विधायकों की सूची सौंपी।भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि शिवसेना विधायक मांग कर रहे थे कि कांग्रेस और एनसीपी से गठबंधन खत्म किया जाए लेकिन उद्धव ठाकरे ने इन विधायकों की अनदेखी कर एमवीए गठबंधन के सहयोगियों को प्राथमिकता दी। उद्धव के फैसलों से आहत विधायकों ने पार्टी में आवाज बुलंद की। शिवसेना ने उन लोगों के साथ गठबंधन किया जो हिंदुत्व और सावरकर के खिलाफ हैं। शिवसेना ने जनादेश का अपमान किया।वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने जो निर्णय लिया है वह बालासाहेब के हिंदुत्व और हमारे विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे साथ 50 विधायक हैं।इससे पहले दोनों ही नेता राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर उन्हें सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए समर्थक विधायकों की सूची सौंपी। भाजपा ने कहा कि उसे कुल 170 विधायकों का समर्थन हासिल है, जिसमें शिंदे के बागी गुट के विधायक भी शामिल हैं। एकनाथ शिंदे के आने के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए हैं। सड़कें खाली रखी गईं ताकि दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल स्थित फडणवीस के आधिकारिक बंगले ‘सागर’ जाने के दौरान शिंदे के काफिले को कोई बाधा न पहुंचे।एक अधिकारी ने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) विश्वास नांगरे पाटिल ने खुद घुड़सवार दल का नेतृत्व किया, जबकि अन्य पुलिस अधिकारी त्वरित आवाजाही के लिए पूरे मार्ग पर पहरा देते नजर आए। शिवसेना समर्थक कोई बाधा न पहुंचाए इसके लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। शिंदे गुरुवार को दोपहर चार्टर्ड विमान से मुंबई हवाईअड्डे पर उतरे जिसके बाद उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दक्षिण मुंबई लेकर गए। शिंदे के काफिले के मार्ग को सुगम बनाने के लिए यातायात रोक दिया गया था।शिंदे पूरे रास्ते समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते नजर आए। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल स्थित फडणवीस के आधिकारिक बंगले ‘सागर’ के बाहर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे शिवसेना के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
Related Articles

March 6, 2026
9
72 घंटे में 30 करोड़ व्यू: विजय देवरकोंडा–रश्मिका मंदाना के साथ मान्यवर-मोहे का कैंपेन हुआ वायरल

February 5, 2026
9

