विश्व पटल पर अयोध्या के डॉ. विनय प्रकाश सिंह ने बढ़ाया देश का मान, लगातार दूसरी बार चुने गए एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन के सेक्रेटरी जनरल

अयोध्या के भारतीय डाक सेवा अधिकारी को बैंकॉक कांग्रेस में 32 सदस्य देशों ने चुना, जनवरी 2027 से शुरू होगा दूसरा कार्यकाल

उत्तर प्रदेश के अयोध्या (पूरा बाजार) के रहने वाले भारतीय डाक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और अपने जिले का नाम रोशन किया है। डॉ. सिंह एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन (APPU) के सेक्रेटरी जनरल के चार वर्षीय कार्यकाल हेतु दोबारा चुने गए हैं। सम्मान का विषय है कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित कांग्रेस में चीन, ईरान, जापान, पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान, श्रीलंका, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, भूटान, नेपाल, फिजी सहित 32 सदस्य देशों वाली इस यूनियन द्वारा डॉ. सिंह को बीते 4 सितंबर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। बैंकॉक स्थित इस अंतरराष्ट्रीय संस्था में उनका पहला चार वर्षीय कार्यकाल आगामी दिसंबर में समाप्त होने के बाद दूसरा चार वर्षीय कार्यकाल जनवरी 2027 से प्रारंभ होगा।

1988 बैच के अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह का प्रशासनिक व शैक्षिक करियर बेहद शानदार रहा है। वे पूर्व में भारत सरकार के डाक सेवा बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं। इससे पहले वे संचार मंत्रालय में मुख्य सतर्कता अधिकारी, उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल और चीफ जनरल मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (अफगानिस्तान) और सेना डाक सेवा कोर में भी महत्वपूर्ण प्रतिनियुक्तियों पर कार्य किया है। वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय से आधुनिक इतिहास में परास्नातक डिग्री में गोल्ड मेडल अर्जित करने के अलावा आईआईटी दिल्ली से मैनेजमेंट में पीएचडी की उपाधि भी अर्जित कर चुके हैं।

Jio 10th Anniversary : AI से ग्लोबल बाजारों तक, आकाश अंबानी ने बताया Jio का अगला रोडमैप

डॉ. सिंह पूरा बाजार के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय राम मनोरथ सिंह के सुपुत्र हैं।

डॉ. सिंह के लगातार दूसरी बार इस सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय पद पर महासचिव बनने से अयोध्या के डाक विभाग और स्थानीय जनता में खुशी की लहर है। अयोध्या मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने इसे पूरे भारत देश के लिए एक बड़ा गौरव बताया है। इस ऐतिहासिक सफलता पर सीनियर पोस्टमास्टर डॉ. किरण सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह, पंकज सिंह तथा सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, विधायक अभय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, सपा नेता अनिमेष सिंह राहुल ने भी गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles