Hanuman Ansh:
मुंबई के बांद्रा स्थित ऐतिहासिक गेटी-गैलेक्सी थिएटर को पुलिस ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह कार्रवाई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के शो को लेकर हुए विवाद के बाद की गई। आरोप था कि थिएटर में फिल्म को पर्याप्त स्क्रीन और शो नहीं दिए जा रहे थे, जिसके विरोध में कुछ संगठनों ने प्रदर्शन किया।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने अन्य फिल्मों के पोस्टर भी फाड़ दिए। इस मामले में 10 से 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस ने थिएटर की विस्तृत जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि थिएटर संचालन से जुड़े कई जरूरी लाइसेंस और प्रमाणपत्र लंबे समय से रिन्यू नहीं कराए गए थे। इसके अलावा सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं में भी कई खामियां पाई गईं। इन्हीं अनियमितताओं के आधार पर पुलिस ने थिएटर प्रबंधन को नोटिस जारी कर संचालन पर रोक लगा दी।
1972 में शुरू हुआ गेटी-गैलेक्सी मुंबई के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित सिनेमाघरों में शामिल है। वहीं, ‘हनुमान अंश’ फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूत प्रदर्शन कर रही है।



