American Politics: अमेरिका में आगामी मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा चुनावी ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि यदि रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों में अपना बहुमत बनाए रखने में सफल रहती है, तो देश के हर वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सम्मेलन में किया बड़ा ऐलान
डैलस में आयोजित रिपब्लिकन सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने समर्थकों को संबोधित करते हुए यह वादा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं होगी, बल्कि इसका फायदा सीधे आम नागरिकों तक पहुंचेगा। ट्रंप ने इस प्रस्ताव को “ट्रंप डिविडेंड” का नाम दिया।
योजना पर उठ रहे सवाल
ट्रंप के इस वादे के बाद आर्थिक विशेषज्ञों ने इसकी व्यवहारिकता पर सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्टों के अनुसार, इस योजना को लागू करने में करीब एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक का खर्च आ सकता है। हालांकि ट्रंप ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इतनी बड़ी राशि का इंतजाम कैसे किया जाएगा।
समर्थकों से मांगा पूरा समर्थन
अपने संबोधन में ट्रंप ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चुनाव में पूरी ताकत लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को ऐसे लड़ना चाहिए, जैसे वह स्वयं बैलेट पेपर पर उम्मीदवार हों। उनका दावा है कि रिपब्लिकन की जीत अमेरिका की आर्थिक मजबूती को नई दिशा दे सकती है।
सर्वे में चुनौतियों का सामना
हालिया जनमत सर्वेक्षणों में ट्रंप की लोकप्रियता पर दबाव दिखाई दे रहा है। महंगाई, अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और विदेश नीति को लेकर विपक्ष लगातार उनकी आलोचना कर रहा है। ऐसे में 5,000 डॉलर वाला वादा चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
ईरान और तेल बाजार पर भी टिप्पणी
भाषण के दौरान ट्रंप ने ईरान से जुड़े हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसले जरूरी थे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में ऊर्जा और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में राहत देखने को मिल सकती है।
चुनावी बहस का नया मुद्दा
ट्रंप का यह ऐलान अब अमेरिकी राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता इस वादे को किस नजरिए से देखते हैं और इसका चुनावी परिणामों पर कितना असर पड़ता है।
written by Siddhi Srivastava



