CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के ऐतिहासिक बिठूर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा जुबानी हमला बोला। सीएम योगी ने विपक्षी नेताओं का सीधा नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए कहा कि देश में इस समय दो लोग—एक ‘छोटे मियां’ और एक ‘बड़े मियां’ सक्रिय हैं, जिन्हें गरीबों और दलितों की फिक्र नहीं है, बल्कि वे बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों को गले लगाते हैं।
‘घुसपैठियों को गले लगाते हैं, गरीबों का हक मारते हैं’
सोमवार को बिठूर के नाना राव पेशवा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इन दलों को देश के आम नागरिकों, दलितों, वंचितों, किसानों और युवाओं के अधिकारों की कोई चिंता नहीं है।
“इस समय देश के अंदर दो मियां हैं—एक छोटे मियां, एक बड़े मियां। छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से बड़ा प्यार है। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं और दलितों, वंचितों, गरीबों, अन्नदाता किसानों एवं युवाओं का अपमान करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग घुसपैठियों के फर्जी दस्तावेज और राशन कार्ड बनवाकर देश के गरीब नागरिकों के हक पर डाका डालने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
‘सपा का मतलब दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद’
सपा और कांग्रेस के पुराने शासनकाल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दलों ने हमेशा प्रदेश में अराजकता और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा का दूसरा नाम ही दंगा, भ्रष्टाचार और परिवारवाद है।
सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा, “विरासत में गद्दी या सत्ता तो मिल सकती है, लेकिन जनता का विश्वास विरासत में नहीं मिलता। जनता का भरोसा कमाने के लिए जमीन पर काम करना पड़ता है। ‘काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती’, जनता अब इन अवसरवादी लोगों की असलियत अच्छी तरह समझ चुकी है।”
बिठूर और बिल्हौर को 411 करोड़ रुपये की विकास सौगात
विपक्ष पर सियासी प्रहार करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के विकास का बड़ा तोहफा भी दिया। उन्होंने बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 29 विकास कार्यों का लोकार्पण और 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि आश्रम में विधिवत पूजा-अर्चना की और रामायण पाठ में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बिठूर महर्षि वाल्मीकि की साधना स्थली, माता सीता के आश्रय स्थल और 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी नाना साहब पेशवा व तात्या टोपे की पावन ऐतिहासिक भूमि है, जिसके विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



