Daler Mehndi Controversy: पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुंजापुरी मेले में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान हुए विवाद के बाद अब मंत्री सुबोध उनियाल ने माफी मांगने की मांग पर दो टूक जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि उनके माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता। मंत्री ने उलटे दलेर मेहंदी पर जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने का आरोप लगाते हुए कहा कि गलती करने वाले को माफी मांगनी चाहिए।
इस मामले में गायक के भाई मीका सिंह भी खुलकर उनके समर्थन में सामने आए थे। उन्होंने दलेर मेहंदी की सेहत का हवाला देते हुए मंत्री से माफी मांगने की मांग की थी। अब सुबोध उनियाल के ताजा बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
‘मैंने कोई अपराध किया है जो माफी मांगूं?’
एक हालिया इंटरव्यू में जब मंत्री सुबोध उनियाल से पूछा गया कि क्या उन्होंने दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है, तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया। मंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन-सा अपराध किया है, जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
सुबोध उनियाल ने कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी, तो उन्हें कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था। अगर वह कार्यक्रम में पहुंचे थे, तो उन्हें अपनी खराब सेहत के बारे में लोगों को बताना चाहिए था। मंत्री ने आरोप लगाया कि एक के बाद एक गलतियां हुईं और लोगों को गुमराह किया गया।
उन्होंने 36 लाख रुपये का जिक्र करते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने का अपराध किया गया है और माफी उन्हें मांगनी चाहिए। मंत्री ने दोहराया कि उनके माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं है।
कुंजापुरी मेले में आखिर क्या हुआ था?
पूरा विवाद उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में आयोजित एक लाइव संगीत कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर उस समय विवाद हो गया, जब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे। मंत्री ने गायक की आवाज और बोलने के अंदाज पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब उनसे ठीक से बोला नहीं जा रहा है, तो वह गाना कैसे गाएंगे।
इस टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। दलेर मेहंदी की सेहत और उनकी प्रस्तुति को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। विवाद ने तब और जोर पकड़ लिया, जब गायक के भाई मीका सिंह ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए अपने भाई का बचाव किया।
दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे मीका सिंह
दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने मंत्री की टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं। मीका ने यहां तक कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि उनके भाई शराब पीते हैं, तो वह गायकी छोड़ देंगे।
मीका सिंह ने दलेर मेहंदी की सर्जरी और लंबे समय से खराब चल रही सेहत का भी हवाला दिया था। उनका कहना था कि गायक की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को समझना चाहिए था। इसी आधार पर उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की थी।
इस घटनाक्रम के बाद विवाद केवल एक संगीत कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें कलाकार के सम्मान, स्वास्थ्य और सार्वजनिक मंच पर जनप्रतिनिधियों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे।
मुख्यमंत्री धामी ने भी की थी बातचीत
विवाद बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फोन पर मीका सिंह से बात की थी। इस बातचीत के बाद मामले को शांत कराने की कोशिशों की चर्चा हुई। हालांकि, मंत्री सुबोध उनियाल के ताजा बयान से स्पष्ट है कि माफी मांगने के मुद्दे पर उनका रुख अब भी सख्त बना हुआ है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में दोनों पक्षों के बयान चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक तरफ मीका सिंह अपने भाई की सेहत और सम्मान का हवाला देकर माफी की मांग कर चुके हैं, वहीं सुबोध उनियाल अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांगने से इनकार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।



