Uttar Pradesh: पत्रकारिता जगत की दो सम्मानित और आत्मीय शख्सियतों, हरदिल अजीज, जिंदादिल वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट आर. बी. थापा एवं वरिष्ठ पत्रकार ललित रायजादा के निधन पर आज विधानसभा मीडिया सेंटर में एक शोक सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित पत्रकारों ने दोनों दिवंगत साथियों को नम आंखों से याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व, पत्रकारिता के प्रति समर्पण तथा आत्मीय व्यवहार को स्मरण किया।
फोटो जर्नलिस्ट आर. बी. थापा और वरिष्ठ पत्रकार ललित रायजादा के निधन पर पत्रकारों ने व्यक्त किया गहरा शोक।
आर. बी. थापा का 29 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे अपने मिलनसार स्वभाव, जिंदादिली, सहज आत्मीयता और फोटो पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए पत्रकारिता जगत में विशेष पहचान रखते थे। उनके जाने से फोटो पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और आत्मीय साथी खो दिया है।
वहीं, वरिष्ठ पत्रकार ललित रायजादा का लंबी बीमारी के बाद 2 नवंबर 2026 को दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया।
शोक सभा में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि दोनों वरिष्ठ साथियों का निधन केवल दो व्यक्तित्वों की विदाई नहीं, बल्कि पत्रकारिता परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके साथ बिताए गए पल, उनकी आत्मीयता, अनुभव और स्मृतियां हमेशा सहकर्मियों के दिलों में जीवित रहेंगी।
इस अवसर पर विजय शंकर ‘पंकज’, भास्कर दूबे, मनोज मिश्रा, दिनेश शर्मा, रतिभान त्रिपाठी, अविनाश शुक्ला, राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, डी.पी. शुक्ला, नीरज महेरे, अशोक चकलादर एवं राजेश वर्मा सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
सभा में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उन्हें दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।



