CSK Mentor: महेंद्र सिंह धोनी भले ही अब इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ी के तौर पर नजर नहीं आएंगे, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव जारी रहेगा। IPL से संन्यास के बाद वह 2027 के सीजन में टीम के मेंटॉर की जिम्मेदारी संभालेंगे। धोनी के इस नए सफर पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने माही के अनुभव को युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद उपयोगी बताया है।
राशिद लतीफ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि धोनी एक सफल कप्तान रहे हैं और उन्होंने अपने खेल से अलग पहचान बनाई है। सात नंबर की जर्सी और चेन्नई सुपर किंग्स की पीली जर्सी के साथ उनका जुड़ाव क्रिकेट प्रशंसकों के बीच खास रहा है। लतीफ का मानना है कि मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नहीं उतरने के बावजूद धोनी की मौजूदगी से चेपॉक स्टेडियम का माहौल पहले जैसा ही बना रहेगा।
युवा खिलाड़ियों के लिए अनुभव होगा अहम
लतीफ ने कहा कि मेंटॉर के रूप में धोनी का टीम के ड्रेसिंग रूम में रहना आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद होगा। उनके मुताबिक, धोनी ने लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट पर अपनी छाप छोड़ी है। चेन्नई की टीम में भी उन्होंने कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया और उन्हें बेहतर क्रिकेटर बनने में मदद की।
उन्होंने यह भी कहा कि धोनी अब ड्रेसिंग रूम में रहकर भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अपने अनुभव से लाभ पहुंचा सकते हैं। आईपीएल में पाकिस्तान को छोड़कर दुनिया के कई देशों के क्रिकेटर हिस्सा लेते हैं। ऐसे में धोनी की भूमिका का प्रभाव केवल भारतीय खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगा।
‘धोनी एक सच्चे भारतीय खिलाड़ी हैं’
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने धोनी के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धोनी एक महान खिलाड़ी रहे हैं और उनका अनुभव क्रिकेट की अगली पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। लतीफ ने अपने बयान में धोनी को एक सच्चा भारतीय खिलाड़ी भी बताया।
पांच बार CSK को चैंपियन बना चुके हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लंबा सफल सफर रहा है। उन्होंने 200 से अधिक मुकाबलों में टीम की कप्तानी की। उनके नेतृत्व में CSK ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीती।
IPL 2022 में कुछ समय के लिए रवींद्र जडेजा को कप्तानी सौंपी गई थी, लेकिन बाद में धोनी ने दोबारा टीम की कमान संभाली। इसके बाद IPL 2024 में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी। अब IPL 2027 में धोनी खिलाड़ी के बजाय मेंटॉर के तौर पर टीम के साथ जुड़ेंगे। उनकी नई भूमिका को लेकर प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट जगत की भी निगाहें रहेंगी।



