Mayookha OTT Release: ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘मयूखा’, जानें किस प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे फिल्म

Mayookha OTT Release: पायल चेंगप्पा की तेलुगु डेब्यू फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध, रहस्यमयी हत्याओं पर आधारित है कहानी

Mayookha OTT Release: साउथ सिनेमा की साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘मयूखा’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए उपलब्ध है। कन्नड़ अभिनेत्री पायल चेंगप्पा ने इस फिल्म के जरिए तेलुगु सिनेमा में कदम रखा है। रहस्यमयी हत्याओं, डर और अप्रत्याशित घटनाओं से बुनी गई इस फिल्म को दर्शक अब घर बैठे देख सकते हैं। फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।

‘मयूखा’ का निर्देशन और लेखन श्री तेजा एसके ने किया है। बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फिल्म है। सिनेमाघरों में फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई थी। हालांकि, सीमित प्रचार के चलते इसे बड़े स्तर पर चर्चा नहीं मिल सकी। अब ओटीटी पर आने के बाद फिल्म एक बार फिर दर्शकों के बीच पहुंच रही है।

अकेली रहने वाली महिलाओं को निशाना बनाती हैं रहस्यमयी हत्याएं

फिल्म की कहानी एक ऐसी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शहर के एक अपार्टमेंट में अकेले रहती है और एक निजी बैंक में काम करती है। इसी दौरान शहर में अकेली रहने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर हत्याओं का सिलसिला शुरू हो जाता है। इन घटनाओं के बीच युवती के साथ भी अजीबोगरीब परिस्थितियां बनने लगती हैं।

उसे रहस्यमयी सपने आने लगते हैं और उसके अपार्टमेंट में कुछ असामान्य घटनाएं घटती हैं। धीरे-धीरे उसे शक होने लगता है कि कहीं कोई अनजान व्यक्ति चुपके से उसके घर में तो नहीं रह रहा है। इस आशंका के बाद उसकी जिंदगी में डर और बेचैनी बढ़ने लगती है। कहानी आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे मोड़ सामने आते हैं, जो दर्शकों को रहस्य के करीब ले जाते हैं।

पायल चेंगप्पा के साथ नजर आएंगे ये कलाकार

फिल्म में पायल चेंगप्पा मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ देव डी, अमन मसूद, मुरलीधर गौड़ और लावण्या रानी भी अहम किरदारों में नजर आते हैं। पायल के लिए यह फिल्म खास है, क्योंकि इसके जरिए उन्होंने तेलुगु फिल्मों में अपना डेब्यू किया है।

रिलीज से पहले मिला था अंतरराष्ट्रीय सम्मान

‘मयूखा’ को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। फिल्म ने न्यूयॉर्क इंटरनेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट मिस्ट्री फिल्म का पुरस्कार अपने नाम किया था। इसके बावजूद थिएटर रिलीज के समय फिल्म का प्रचार सीमित रहा।

ए-सर्टिफिकेट के साथ रिलीज हुई फिल्म

सेंसर बोर्ड ने ‘मयूखा’ को ए सर्टिफिकेट दिया है। इसका मतलब है कि फिल्म केवल वयस्क दर्शकों के लिए है। फिल्म की कुल अवधि 131 मिनट है। इसका निर्माण प्रश्विता एंटरटेनमेंट के बैनर तले शशिधर नल्ला ने किया है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी फरहान वडक्‍कन ने संभाली है, जबकि शरथ जे ने एडिटिंग की है। फिल्म का संगीत सिबी मैथ्यू एलेक्स ने तैयार किया है।

रहस्य, अपराध और मनोवैज्ञानिक रोमांच पसंद करने वाले दर्शक ‘मयूखा’ को अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

Related Articles