Asaduddin Owaisi: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी की आलोचना को लेकर उठे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वह लगातार सत्तारूढ़ दल की नीतियों और फैसलों पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और अपनी पार्टी को बीजेपी की ‘बी टीम’ बताए जाने के आरोप पर खुली बहस की चुनौती दे दी।
एबीपी न्यूज के ‘सदर्न राइजिंग समिट 2026’ में बातचीत के दौरान ओवैसी से पूछा गया कि वह बीजेपी की उतनी आलोचना क्यों नहीं करते, जितनी अन्य राजनीतिक दलों की करते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह बीजेपी की आलोचना करते हैं। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने करीब चार साल पहले एक टोल प्लाजा पर अपनी कार पर हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र किया। ओवैसी ने कहा कि उस समय हमलावर का हथियार जाम नहीं हुआ होता तो उनकी जान भी जा सकती थी।
UAPA के मुद्दे पर भी रखी बात
ओवैसी ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने इस कानून का विरोध उस समय भी किया था, जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी। उन्होंने शरजील इमाम और उमर खालिद के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में भी UAPA के तहत कार्रवाई की गई है।
‘बी टीम’ के आरोप पर अखिलेश को चुनौती
AIMIM को बीजेपी की ‘बी टीम’ कहे जाने पर ओवैसी ने अखिलेश यादव को सीधे बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव इस आरोप पर उनसे चर्चा करना चाहते हैं तो वह तैयार हैं। ओवैसी ने दावा किया कि बहस शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ही उनके विरोधी वहां से चले जाएंगे।
मुस्लिम वोटों को लेकर विपक्षी दलों पर सवाल
ओवैसी ने बीजेपी और विपक्षी दलों की मुस्लिम राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट नहीं देती, जबकि दूसरी ओर कुछ विपक्षी दल मुस्लिम मतदाताओं से उनकी सुरक्षा का भरोसा देकर वोट मांगते हैं। ओवैसी के मुताबिक, ऐसा करके मुस्लिम समुदाय के बीच भय का माहौल बनाए रखा जाता है। उन्होंने इसे दिखावे की मोहब्बत बताते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति से बीजेपी और इन दलों को ही फायदा पहुंचता है।
अखिलेश से पूछा- मुसलमानों के मुद्दे पर कब बोले?
ओवैसी ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि उन्होंने आखिरी बार सार्वजनिक रूप से ‘मुसलमान’ शब्द का इस्तेमाल कब किया था। उन्होंने एक ऐसी घटना का जिक्र किया, जिसमें एक मुस्लिम व्यक्ति को नमाज पढ़ते समय कथित तौर पर लात मारे जाने का मामला सामने आया था। ओवैसी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने उस व्यक्ति को मुस्लिम बताने के बजाय केवल ‘व्यक्ति’ कहकर संबोधित किया।
सपा की राजनीति पर भी साधा निशाना
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी की राजनीतिक दिशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने केवल सॉफ्ट हिंदुत्व ही नहीं, बल्कि हिंदुत्व की राजनीति को अपना लिया है। उन्होंने गुजरात से जुड़े एक व्यक्ति को राज्यसभा भेजे जाने का उल्लेख करते हुए सपा के फैसलों पर सवाल उठाए।
अपने राजनीतिक विरोधियों के बारे में बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि उनका विरोध उस व्यक्ति से है, जो संविधान के खिलाफ खड़ा होता है और उनका वोट हासिल करने की कोशिश करता है। समिट में दिए गए उनके इन बयानों में बीजेपी के साथ-साथ विपक्षी दलों और खासकर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना देखने को मिला।



