UP Election 2027: यूपी में 2027 की चुनावी तैयारी तेज, सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर चर्चा; NDA में भी बढ़ी खींचतान

UP Election 2027: कांग्रेस ने 181 सीटों पर जताई दावेदारी, भाजपा सहयोगियों को दे सकती है 55 से 60 सीटें

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने चुनावी तालमेल को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए में भी सहयोगी दल अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। सपा-कांग्रेस के बीच पहले दौर की बैठक करीब 20 मिनट चली। दोनों पक्षों ने बातचीत को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया।

बैठक में सपा की ओर से महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी शामिल हुए। कांग्रेस की तरफ से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने हिस्सा लिया।

गठबंधन को लेकर दोनों दलों ने क्या कहा?

बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि जटिल समस्याओं को सुलझाने में समय लगता है। दोनों दलों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई है। कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि अगले दिन फिर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि मिलकर चुनाव लड़ने और सभी मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि सीटों की संख्या को लेकर कोई मनमाना फैसला नहीं होगा। दोनों दलों का लक्ष्य गठबंधन को जीत दिलाना और प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना है। इसके लिए आपसी समन्वय के साथ चुनावी मैदान में उतरना जरूरी है। राजेंद्र पाल गौतम ने यह भी कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच हुई चर्चा के आधार पर आगे की तैयारी की जा रही है।

कांग्रेस की नजर 181 विधानसभा सीटों पर

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस बार सपा के सामने 181 सीटों की नई सूची रख रही है। बताया जा रहा है कि इस सूची को प्रियंका गांधी की सहमति भी मिली है। दूसरी ओर, सपा के सूत्रों का कहना है कि पार्टी कांग्रेस को 40 से 50 सीटें देने के पक्ष में है।

कांग्रेस जिन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, वहां के जातीय और राजनीतिक समीकरण, संगठन की स्थिति तथा जीत की संभावनाओं पर बातचीत हो रही है। सपा इन सीटों पर कांग्रेस की तैयारी और चुनावी रणनीति का ब्योरा भी मांग सकती है। राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद पार्टी के नेताओं को लगता है कि उसकी स्थिति मजबूत हुई है और इससे सीटों के बंटवारे में दावेदारी को बल मिल सकता है।

इन जिलों में कांग्रेस ने मांगी सीटें

कांग्रेस की प्रस्तावित सूची में 181 सीटें हैं। इनमें 135 सामान्य और 46 आरक्षित सीटें बताई गई हैं। पार्टी ने अलग-अलग जिलों में इस तरह अपनी मांग रखी है:

  • अमेठी में सभी 4 सीटें
  • रायबरेली में सभी 6 सीटें
  • सहारनपुर में 7 में से 6 सीटें
  • हापुड़ में सभी 3 सीटें
  • बुलंदशहर में सभी 7 सीटें
  • गौतमबुद्धनगर में सभी 3 सीटें
  • सीतापुर में 9 में से 7 सीटें
  • मुरादाबाद में 6 में से 4 सीटें
  • लखनऊ में 9 में से 6 सीटें
  • भदोही में सभी 3 सीटें
  • फतेहपुर में 6 में से 4 सीटें
  • देवरिया में 7 में से 6 सीटें
  • जौनपुर में 9 में से 4 सीटें
  • मथुरा में सभी 5 सीटें
  • प्रयागराज में 12 में से 7 सीटें
  • प्रतापगढ़ में 7 में से 4 सीटें

पिछले चुनावों में कैसा रहा कांग्रेस का प्रदर्शन?

सीटों के बंटवारे में कांग्रेस के पुराने चुनावी प्रदर्शन को भी अहम माना जा रहा है। वर्ष 2012 में कांग्रेस आरएलडी के साथ गठबंधन में 355 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 28 सीटें जीती थीं। उस चुनाव में पार्टी को 11.65 प्रतिशत वोट मिले थे।

2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन किया और 114 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इनमें से सात सीटों पर जीत मिली और वोट प्रतिशत 6.25 रहा। 2022 में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन केवल दो सीटें जीत सकी। उसका वोट प्रतिशत घटकर 2.33 रह गया।

2022 में रामपुर खास में कांग्रेस को 50.27 प्रतिशत और फरेंदा में 40.28 प्रतिशत वोट मिले थे। चार सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही, जबकि 42 सीटों पर उसे 10 हजार से अधिक वोट मिले। कांग्रेस को प्रदेश में अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ वर्गों, ब्राह्मणों और दलितों के पासी समुदाय के बीच अपनी पकड़ होने की उम्मीद है।

वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रदेश की 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। पार्टी को 39 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी।

NDA में भी सीटों को लेकर चल रही तैयारी

भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में भी 2027 के चुनाव के लिए संभावित सीट बंटवारे का खाका तैयार होने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अपने सहयोगी दलों के लिए 55 से 60 सीटें छोड़ सकती है, जबकि खुद 340 से 350 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, सहयोगी दल पिछली बार के मुकाबले अधिक सीटें मांग रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में फिलहाल भाजपा के साथ अपना दल (एस), निषाद पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी गठबंधन में हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी ही थीं। इसके बाद एनडीए में दो अन्य सहयोगी दल भी शामिल हुए।

सहयोगी दलों की कितनी सीटों पर नजर?

सूत्रों के मुताबिक, अपना दल (एस) इस बार 30 से 35 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहता है। पार्टी 2022 में 18 सीटों पर मैदान में उतरी थी। निषाद पार्टी ने पिछली बार 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि इस बार उसकी मांग 30 से अधिक सीटों की बताई जा रही है।

सुभासपा और आरएलडी 2022 के विधानसभा चुनाव में एनडीए का हिस्सा नहीं थीं। इस बार दोनों दल भी गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों करीब 30-30 सीटों की मांग कर रहे हैं।

2022 के चुनाव में किसे मिली थीं कितनी सीटें?

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 255 सीटों पर जीत हासिल की थी। समाजवादी पार्टी को 111, कांग्रेस को 2 और बसपा को एक सीट मिली थी। सहयोगी दलों में अपना दल (एस) ने 12, निषाद पार्टी ने 6, आरएलडी ने 8 और सुभासपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों का तालमेल और एनडीए में सहयोगियों की मांग राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण हो गई है। फिलहाल दोनों गठबंधनों में बातचीत जारी है। अंतिम सीट बंटवारे की तस्वीर सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कौन-सा दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

Related Articles