WhatsApp Privacy: बिना OTP के भी पहुंच सकते हैं आपकी WhatsApp चैट तक, जानें क्या है वजह

WhatsApp Privacy: साझा कंप्यूटर पर सक्रिय रह गया लॉगिन सेशन दूसरों को दे सकता है अकाउंट तक पहुंच, I4C ने यूजर्स को किया सतर्क

WhatsApp Privacy: कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp चलाने के लिए WhatsApp Web का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ऑफिस के काम से लेकर रोजमर्रा की बातचीत तक, यह सुविधा यूजर्स के लिए काफी आसान साबित होती है। हालांकि, इसका इस्तेमाल करते समय बरती गई छोटी सी लापरवाही निजी चैट और अकाउंट की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। खास बात यह है कि किसी दूसरे व्यक्ति को आपके अकाउंट तक पहुंच बनाने के लिए हर बार फोन या ओटीपी की जरूरत नहीं पड़ती।

दरअसल, यदि कोई यूजर किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने के बाद काम खत्म होने पर लॉगआउट करना भूल जाता है, तो उसका अकाउंट उस डिवाइस पर खुला रह सकता है। ऐसी स्थिति में कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला दूसरा व्यक्ति निजी संदेशों तक पहुंच बना सकता है। इस तरह के खतरे को लेकर भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने यूजर्स को सतर्क किया है।

लॉगिन सेशन सक्रिय रहने पर क्या हो सकता है?

किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web का सेशन खुला रहने पर दूसरे व्यक्ति को अकाउंट के कई हिस्सों तक पहुंच मिल सकती है। वह निजी संदेश पढ़ने के साथ ग्रुप चैट और कॉन्टैक्ट लिस्ट भी देख सकता है। इतना ही नहीं, अकाउंट के जरिए नए मैसेज भेजे जाने का खतरा भी रहता है।

साइबर अपराधी ऐसी स्थिति का फायदा उठाकर यूजर की पहचान का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। वे उसके संपर्क में मौजूद लोगों को संदेश भेजकर धोखाधड़ी, फिशिंग या सोशल इंजीनियरिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इस तरह बिना किसी नए ओटीपी के भी पहले से सक्रिय लॉगिन सेशन परेशानी का कारण बन सकता है।

टैब बंद करने के बाद भी बना रह सकता है खतरा

कई लोग WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद केवल ब्राउजर या टैब बंद कर देते हैं और मान लेते हैं कि उनका अकाउंट सुरक्षित हो गया है। लेकिन ऐसा करना पर्याप्त नहीं है। ब्राउजर बंद करने से जरूरी नहीं कि WhatsApp Web का लॉगिन सेशन भी समाप्त हो जाए।

इसलिए हर बार इस्तेमाल पूरा होने के बाद अकाउंट से मैन्युअली लॉगआउट करना चाहिए। यदि किसी साझा या अनजान कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी हो, तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके बावजूद काम खत्म होने पर लॉगआउट करना न भूलें।

इन जगहों के कंप्यूटर पर न करें इस्तेमाल

I4C ने सार्वजनिक और साझा कंप्यूटरों पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर और दूसरे लोगों के कंप्यूटर ऐसे स्थानों में शामिल हैं, जहां अकाउंट की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।

इसके अलावा, ऑफिस के उन कंप्यूटरों पर भी WhatsApp Web चलाने से बचना चाहिए, जिनका इस्तेमाल कई लोग करते हैं या जिन तक अन्य व्यक्तियों की पहुंच हो सकती है। ऐसे सिस्टम पर लॉगिन करने से निजी बातचीत अनजाने में दूसरों के सामने आ सकती है।

WhatsApp Web की सुविधा काम को आसान बनाती है, लेकिन इसका सुरक्षित इस्तेमाल करना भी यूजर की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी और हर बार लॉगआउट करने की आदत से निजी चैट और अकाउंट के गलत इस्तेमाल का जोखिम कम किया जा सकता है।

Related Articles