Neo X1 Pro Tablet: Logic Neo X1 Pro की भारतीय बाजार में एंट्री, 8000mAh बैटरी और Android 17 मिलेगा

Neo X1 Pro Tablet: 90Hz डिस्प्ले, 8000mAh बैटरी और Android 17 से लैस टैबलेट में 8GB रैम का विकल्प

Neo X1 Pro Tablet: टेक कंपनी Logic ने भारतीय बाजार में अपना नया टैबलेट Neo X1 Pro पेश किया है। कंपनी का यह डिवाइस खासतौर पर पढ़ाई, ऑनलाइन क्लास और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए तैयार किया गया है। इसमें 10.95 इंच की WUXGA IPS स्क्रीन के साथ 90Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है। इसके अलावा टैबलेट में 8,000mAh की बैटरी, 8GB रैम और Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम का सपोर्ट मिलता है।

Logic अब तक इंटरैक्टिव डिस्प्ले और एंटरप्राइज विजुअल सॉल्यूशन से जुड़े उत्पादों के लिए जानी जाती रही है। Neo X1 Pro के साथ कंपनी ने टैबलेट सेगमेंट में भी कदम रखा है। इस डिवाइस को छात्रों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है।

डिस्प्ले में मिलेंगे खास फीचर्स

Neo X1 Pro में 10.95 इंच का WUXGA IPS पैनल दिया गया है। इसका स्क्रीन रेजोल्यूशन 1,920×1,200 पिक्सल है, जबकि रिफ्रेश रेट 90Hz है। कंपनी ने इसमें लो ब्लू-लाइट ट्रीटमेंट शामिल किया है, जिसका उद्देश्य लंबे समय तक स्क्रीन देखने के दौरान आंखों पर पड़ने वाले दबाव को कम करना है।

डिस्प्ले को एंटी-ग्लेयर और एंटी-फिंगरप्रिंट फिनिश के साथ तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि स्क्रीन पर एंटीमाइक्रोबियल कोटिंग भी मौजूद है।

8000mAh बैटरी और हल्का डिजाइन

टैबलेट में 8,000mAh क्षमता की बैटरी दी गई है। यह 18W चार्जिंग को सपोर्ट करती है और चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है। डिवाइस की मोटाई 7.89 मिलीमीटर है और इसका वजन 520 ग्राम है।

इसके बॉडी निर्माण में एनोडाइज्ड एल्युमिनियम अलॉय और पॉलीकार्बोनेट का इस्तेमाल किया गया है। फिलहाल इसे Space Grey कलर में पेश किया गया है। इसके एजुकेशन एडिशन को IP52 रेटिंग मिली है।

नोट्स कैप्चर करने में मदद करेगा खास एक्सेसरी

Logic ने टैबलेट के साथ प्रोटेक्टिव केस भी दिया है, जिसमें बिल्ट-इन किकस्टैंड मौजूद है। इसके साथ मैग्नेटिक मिनी-मिरर भी मिलता है। इस एक्सेसरी की मदद से फ्रंट कैमरे के सामने डेस्क पर रखे हाथ से लिखे नोट्स या अन्य काम को कैप्चर करने में सुविधा मिल सकती है। यह फीचर खासतौर पर पढ़ाई और शैक्षणिक इस्तेमाल को ध्यान में रखकर दिया गया है।

कैमरा और कनेक्टिविटी की जानकारी

वीडियो कॉलिंग के लिए टैबलेट के फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। वहीं, पीछे की तरफ 13 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है। ऑडियो के लिए इसमें डुअल स्पीकर लगाए गए हैं।

कनेक्टिविटी के लिहाज से Neo X1 Pro में 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi 6, Bluetooth 5.3 और GPS की सुविधा दी गई है। इससे यूजर्स मोबाइल नेटवर्क और वायरलेस कनेक्शन के जरिए टैबलेट का इस्तेमाल कर सकेंगे।

ऑक्टा-कोर प्रोसेसर और 1TB तक स्टोरेज

Logic के इस टैबलेट में ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है, लेकिन कंपनी ने अभी इसके चिपसेट का नाम या मॉडल नहीं बताया है। डिवाइस में 8GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को बढ़ाकर 1TB तक किया जा सकता है।

सॉफ्टवेयर के मामले में टैबलेट Android 17 पर काम करता है। इसमें Google Mobile Services (GMS) का सपोर्ट भी दिया गया है।

कीमत और बिक्री की तारीख अभी नहीं बताई

Logic ने Neo X1 Pro को भारतीय बाजार में पेश तो कर दिया है, लेकिन इसकी कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है। कंपनी ने बिक्री शुरू होने की तारीख और उपलब्धता के लिए तय किए गए रिटेल प्लेटफॉर्म की जानकारी भी साझा नहीं की है। ऐसे में खरीदारों को कीमत और बिक्री से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

Related Articles