नई दिल्ली, एजेंसियां। दुनियाभर में हड़कंप मचाए कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन ने भारत में दस्तक दे दी है। कर्नाटक में इसके दो मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को देश में कोरोना की स्थिति पर अपनी दैनिक ब्रीफिंग में इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार कोरोना के इस नए वैरिएंट के लगभग 30 देशों में 373 मामले सामने आए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसको वैरिएंट आफ कंसर्न घोषित किया है।बता दें कि कोरोना के इस नए वैरिएंट (बी 1.1.529) की जानकारी पहली बार 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से विश्व स्वास्थ्य संगठन को मिली थी। संगठन के अनुसार वैरिएंट के पहले केस की पुष्टि 9 नवंबर को हुई थी। 26 नवंबर को डब्ल्यूएचओ ने इसे ओमिक्रोन नाम दिया। जानकारी के अनुसार आस्ट्रेलिया, आस्ट्रिया, बेल्जियम, बोत्सवाना, ब्राजील, कनाडा, चेक गणराज्य, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, हांगकांग, इजरायल, इटली, जापान, नीदरलैंड, नाइजीरिया, नार्वे, पुर्तगाल,सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, स्पेन, स्वीडन, ब्रिटेन, अमेरिका और भारत में इसके मामले सामने आए हैं। कोरोना के इस नए वैरिएंट को रोकने के लिए तमाम देश कड़ी पाबंदियां लगा रहे हैं। इस म्युटेशन के सामने आने के बाद अफ्रीकी देशों पर भारत समेत दुनिया के तमाम देशों ने यात्रा को लेकर कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं। दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के नए मामले एक ही दिन में लगभग दोगुना होकर लगभग 8,600 हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी सूचना दी।
Related Articles

November 16, 2026
5
SIR पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी, चुनाव आयोग से 48 सवाल पूछने की मांग; CEC समेत तीन आयुक्तों से हलफनामा तलब करने की अपील

November 16, 2026
5

