गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु गोरखनाथ की नगरी को बाबा विश्वनाथ की नगरी से सी प्लेन के जरिये जोड़ा जाएगा। रामगढ़ताल में सी प्लेन उतरेगा। कभी उपेक्षित रामगढ़ताल की निखरी खूबसूरती के सभी साक्षी हैं। अब इसका उपयोग एयरपोर्ट के विकल्प के रूप में भी किया जाएगा। दिल्ली-लखनऊ के आवागमन की सुविधा तो मिलेगी ही यहां से उड़ा सी प्लेन वाराणसी में गंगा नदी में उतरेगा। मां गंगा की पावन धारा में डुबकी लगाकर, बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सी प्लेन से ही वापस गोरखपुर लौट सकेंगे। जल्द ही मेट्रो भी गोरखपुर आने वाली है।दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में 524 करोड़ 61 लाख रुपये की 224 विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता है। पांच साल में बदलते गोरखपुर को सभी लोगों ने देखा है। यह नया गोरखपुर है। कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां खाद कारखाना और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का उद्घाटन किया था। हमारा संकल्प नए उमंग से गोरखपुर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का है। सीएम योगी ने कहा कि नगर निगम के लिए यह गौरव का क्षण है। निगम को 127 साल बाद नया सदन भवन मिला है। यह गोरखपुर के लिए स्मरणीय पल है। यह पूरे प्रदेश का सबसे भव्यतम सदन भवन है। नगर निगम गोरखपुर के इतिहास एवं विकास पर आधारित विस्तृत ग्रंथ बनवाएं और इसे यहां की लाइब्रेरी का हिस्सा बनाएं।
Related Articles

September 16, 2026
1
UP Government Schools: UP के सरकारी स्कूलों पर छिड़ी नई बहस, CJP ने स्मार्ट स्कूल योजना पर उठाए सवाल

September 15, 2026
2

