शादी होते ही जेवर समेत ससुराल से बहू फरार

प्रयागराज। शहर के धूमनगंज इलाके में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के घर में शादी की खुशियां कुछ दिन भी नहीं टिक सकी हैं। परिवार की बहू निकाह के 15 दिन बाद भी लाखों रुपये के गहने लेकर फरार हो गई। उसके मायके में शिकायत करने पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी गई। इससे परेशान नव विवाहिता की सास ने धूमनगंज थाने में बहू समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। धूमनगंज के हरवारा मोहल्ले में रहने वाली महिला का बेटा कतर में नौकरी करता है। महिला ने पुलिस को बताया कि 21 अक्टूबर 2021 को उसके बेटे का निकाह शहर से सटे यमुनापार में नैनी निवासी एक युवती से हुआ था। निकाह के 15 दिन बाद ही उसकी बहू अचानक घर से लापता हो गई।

बेटे ने बताया कि उसकी बीवी का निकाह उसकी मर्जी के खिलाफ हुआ था। वह किसी और से प्रेम करती है। बहू के जाने के बाद पता चला कि लाखों रुपये के गहने भी घर से गायब है। महिला ने आरोप है कि बहू के मायके वालों से शिकायत करने पर भी कोई हल न निकला। अलबत्ता उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी गई। पुलिस का कहना प्रकरण की जांच की जा रही है।पहले से प्रेम संबंध की वजह से शादी के कुछ रोज बाद दुल्हन के ससुराल से भागने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पिछले दिनों प्रयागराज के सिविल लाइंस में एक गेस्ट हाउस में शादी मंडप में दूल्हे के पहुंचने से कुछ देर पहले पता चला कि दुल्हन गायब है। सिविल लाइंस पुलिस को बताया गया लेकिन बदनामी के डर से केस नहीं लिखाया गया। इसके अलावा सुनियोजित ढंग से शादी करने के बाद गहने पैसे लेकर लुटेरी दुल्हन के भागने के भी कई किस्से सामने आ चुके हैं और पुलिस ने मुकदमा लिखकर लुटेरी दुल्हन समेत कई लोगों को पकड़ा भी था।

Related Articles