बहराइच दौरे पर अखिलेश : बोले, सिर्फ जांच से न्याय नहीं होगा

लखनऊ….. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को लखीमपुर खीरी के तिकोनिया कांड में मारे गए किसान परिवारों से मुलाकात करने के लिए बहराइच के दौरे पर हैं। अखिलेश यादव ने बहराइच जाने से पहले लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है।  इस सरकार के रहते किसी को न्याय नहीं मिल सकता है।  

घटना में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि मंत्री रहते उनसे और उनके परिवार से कैसे पूछताछ हो सकती है। पुलिस उनके घर आएगी तब सैल्यूट करेगी और घर से जाएगी तब से सेल्यूट करेगी। ऐसी पुलिस कौन सी पूछताछ करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सच को दबाना और सब कुछ छुपाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया है।

समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर किसानों की करोड़ों की मदद करेंगे। अखिलेश ने कहा कि सरकार शहीद किसानों के परिवारों की मदद क्यों नहीं कर रही है। इतनी बड़ी सरकार है। क्या  सरकार के पास किसानों को देने के लिए दो करोड़ रुपए नहीं है। सरकार विज्ञापनों में दमदार होने का दावा करती है। दमदार सरकार केवल ताकतवर लोगों के लिए है, गरीबों और किसानों के लिए नहीं है।

समाजवादी पार्टी न्याय के लिए लड़ती रहेगी। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद न्याय की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि मंत्री के बेटे को सम्मन भेजना सिर्फ खानापूर्ति  है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ जांच से न्याय नहीं होगा, दोषियों की गिरफ्तारी हो, उन्हें सजा मिले तब न्याय होगा। ग्राउंड से जो भी वीडियो आ रहे हैं, वे सच्चाई बयान कर रहे हैं। सभी लोग कह रहे हैं कि घटना में गृह राज्य मंत्री के बेटे शामिल थे।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बहराइच में नानपारा के बंजारन टांडा में मृतक किसान दलजीत सिंह के परिजनों से वार्ता की। उन्हें ढांढ़स बंधाया और कहा कि यह लड़ाई मिलकर लड़ेंगे और आखिरी दम तक लड़ेंगे। उनके साथ पूर्व मंत्री व मटेरा विधायक यासर शाह, जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव, सपा नेता अब्दुल मन्नान, प्रमोद जादौन मौजूद रहे।

Related Articles