फेसबुक पर की दोस्ती फिर शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

प्रयागराज। युवक ने पहले युवती से फेसबुक पर दोस्‍ती की फिर इसके बाद नजदीकी बढ़ायी । फेसबुक से दोस्ती होने के बाद वह युवती से मिलने लगा। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म भी किया। केस दर्ज होने के बाद आरोपित को महिला थाने की पुलिस ने कौशांबी जनपद से गिरफ्तार कर लिया है। उसे सिकंदरपुर बजहा मोड़ के पास से पकड़ा गया है। उसके खिलाफ तीन सप्ताह पहले मुकदमा दर्ज किया गया था। कौशांबी जनपद की रहने वाली एक युवती प्रयागराज शहर के कैंट थाना क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहती है। पढ़ाई करने के साथ ही वह निजी अस्पताल में काम करती है।

कुछ समय पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती मो. अब्दुल्ला निवासी सिकंदरपुर बजहा थाना कोखराज से हुई। मो. अब्दुल्ला कैंट के अशोक नगर मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहता था।युवती का आरोप है कि मो. अब्दुल्ला ने उसे शादी का झांसा देकर कई बार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। पिछले माह अक्टूबर माह में उसने शादी की बात कही तो प्रेमी मुकर गया। इसके बाद उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया। महिला थाने की प्रभारी पूनम शुक्ला ने बताया कि युवती ने 20 अक्टूबर को अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई।आरोपित के अशोक नगर स्थित मकान पर जब पुलिस पहुंची तो पता चला कि अब वह यहां नहीं रहता। वह अपने घर चला गया है। इस पर महिला थाने की थानाध्यक्ष पूनम शुक्ला को जानकारी हुई कि वह अपने गांव के समीप पहुंचने वाला है। सूचना पाते ही वे यहां से रवाना हुईं और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles