अपराधियों को टिकट देने में आगे निकले अखिलेश : महेंद्र नाथ पांडेय

लखनऊ । केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने आरोप लगाया है कि अपराधियों को संरक्षण और टिकट देने में सपा मुखिया अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव से भी आगे निकल गए हैं। उनके प्रत्याशियों की सूची देख लें, सब सामने आ जाएगा। उन्होंने गुंडागर्दी, दंगागर्दी, अपराध और अपराधियों को समर्थन व बढ़ावा दिया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में डा. पांडेय ने कहा कि सरकार में रहते अखिलेश केंद्र की योजनाओं में रोड़ा अटकाते थे। इससे योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचता था। विकास बाधित होता था। मोदी-योगी की डबल इंजन की सरकार में जनता को हर क्षेत्र में भारी लाभ हुआ है। योगी सरकार आने के बाद विकास कार्य चार गुणा हुए हैं। उत्तर प्रदेश आज 45 परियोजनाओं में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कार्यों का ही नतीजा है कि भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।पहले चरण के मतदान में जनता ने भाजपा के पक्ष में प्रचंड मतदान किया है। मतदान के बाद चारों से तरफ से अच्छी खबरें आ रही हैं। प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर प्रश्न उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दलों की सरकारों ने परिवार का केवल विकास किया और प्रदेश की दुर्दशा की। योगी सरकार ने तेजी से विकास कराते हुए प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनाया। आज प्रदेश की जनता को केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

Related Articles