उत्तर भारत में भीषण गर्मी और बंगाल की खाड़ी में असानी तूफान का खतरा

नई दिल्ली, एजेंसी। होली के तुरंत बाद ही गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मार्च का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और राजस्थान में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं साल का पहला चक्रवात असानी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह चक्रवात अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ेगा और 22 मार्च को बांग्लादेश-उत्तरी म्यांमार के तटों पर पहुंचेगा। इसके मद्देनजर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के प्रशासन ने मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने मछुआरों को 22 मार्च तक समुद्र के पास न जाने की अपील की है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह प्रशासन ने फोरशोर सेक्टर (पोर्ट ब्लेयर और आसपास के द्वीपों के बीच की सेवाएं) में जहाजों की निर्धारित नौकायन को रद किया है और यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल-फ्री नंबर – 1-800-345-2714 जारी किया है।भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आएगी। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। आईएमडी के मुताबिक आज से देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में कमी के संकेत हैं।उत्तर-पश्चिम भारत भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। राजस्थान के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री को छू लिया है जबकि राजधानी दिल्ली का तापमान भी 36 डिग्री तक पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज भी राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में लू चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। लेकिन अगले 24 घंटे में तापमान में गिरावट के संकेत व्यक्त किए गए हैं।

Related Articles