Sunita Ahuja: गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा फैमिली कोर्ट क्यों पहुंचीं? पपराजी के सवाल पर बोलीं- बर्थडे मनाने आई थी

सुनीता आहूजा को बेटे यशवर्धन के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया। कोर्ट पहुंचने की वजह को लेकर तलाक और अलगाव की अटकलें फिर तेज हो गई हैं।

Sunita Ahuja: गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आती रही हैं और अब सुनीता आहूजा को मुंबई के बांद्रा स्थित फैमिली कोर्ट के बाहर देखे जाने के बाद उनके रिश्ते को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सुनीता अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ कोर्ट पहुंची थीं। कोर्ट से बाहर निकलते समय पैपराजी ने उनसे कई सवाल पूछे, लेकिन उन्होंने सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय अपने अंदाज में कहा कि वह अपना जन्मदिन मनाने आई थीं।

सुनीता आहूजा के फैमिली कोर्ट पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके और गोविंदा के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। पैपराजी लगातार उनसे कोर्ट आने की वजह पूछते नजर आए। इस दौरान सुनीता पहले कैमरों को नजरअंदाज करती दिखीं। उनके बेटे यशवर्धन भी उन्हें मीडिया से बचाने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि, जब सवाल लगातार जारी रहे तो सुनीता ने जवाब देते हुए कहा कि वह बर्थडे मनाने आई थीं। उनके इस जवाब को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

दरअसल, गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। सुनीता ने अलग-अलग इंटरव्यू और पॉडकास्ट में अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की है। उन्होंने पति गोविंदा की एक युवा सह-कलाकार के साथ कथित नजदीकियों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की थी। उनके बयानों के बाद दोनों के रिश्ते में तनाव की चर्चाएं और तेज हो गई थीं।

वहीं, गोविंदा ने भी एक वीडियो के जरिए अपनी पत्नी के बयानों पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने परिवार की गरिमा और निजी मामलों को सार्वजनिक मंच पर चर्चा का विषय नहीं बनाने की अपील की थी। इसके बाद दोनों के बीच कथित मतभेद को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा होती रही। हालांकि, दोनों की ओर से अपने रिश्ते को लेकर ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिससे यह साबित हो कि उनका तलाक हो रहा है।

Govinda-Sunita Ahuja: पत्नी सुनीता की भाषा पर गोविंदा ने जताई नाराजगी, बोले- ऐसी बातों से सभी को होगी शर्मिंदगी

सुनीता पहले भी यह संकेत दे चुकी हैं कि वह और गोविंदा एक ही घर में रहने के बजाय अलग-अलग रह रहे हैं। उनके बयानों के बाद दोनों के अलगाव की खबरों ने जोर पकड़ा था। अब फैमिली कोर्ट के बाहर सुनीता की मौजूदगी ने एक बार फिर इन अटकलों को हवा दे दी है। हालांकि, सिर्फ कोर्ट में मौजूदगी के आधार पर तलाक या कानूनी अलगाव की पुष्टि नहीं की जा सकती।

सुनीता और गोविंदा बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में शामिल रहे हैं। दोनों ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को लेकर लोगों का ध्यान खींचा है। गोविंदा का फिल्मी करियर बेहद सफल रहा है, वहीं सुनीता भी कई मौकों पर अपने बेबाक अंदाज और स्पष्ट बयानों के कारण सुर्खियों में रही हैं। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुनीता आहूजा फैमिली कोर्ट आखिर किस वजह से पहुंची थीं। सामने आए वीडियो में उन्होंने इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। ऐसे में कोर्ट जाने की वास्तविक वजह को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल सुनीता का कोर्ट पहुंचना और पैपराजी को दिया गया उनका जवाब बॉलीवुड की सबसे चर्चित खबरों में शामिल हो गया है।

Related Articles