Elephant Rescue: जन्म के पहले ही दिन से जिंदगी की जंग लड़ रहे सात सप्ताह के एशियाई हाथी के बच्चे राजा को आपातकालीन और विशेषज्ञ उपचार के लिए असम के पोहुमारा से गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा ले जाया जा रहा है। पिछले सात सप्ताह से वंतारा की पशु चिकित्सा टीम राजा के मालिक के घर पर ही उसका उपचार कर रही थी। हालांकि, अब उसकी हालत ऐसी हो गई है कि उसे बचाने के लिए पूरी तरह सुसज्जित अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी हो गया है। इतनी कम उम्र और कमजोर स्थिति में राजा को सड़क मार्ग से 2,500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कराना जोखिम भरा हो सकता था। इसलिए उसे हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की गई है।
वंतारा के संस्थापक अनंत अंबानी के सहयोग से भारत में इस तरह का यह तीसरा हवाई रेस्क्यू अभियान है। अनंत अंबानी ने राजा को जल्द से जल्द सुरक्षित विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए पहल की है।
वंतारा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विवान करणी ने कहा, ”राजा जब इस दुनिया में आया तो उसकी एक टांग टूटी हुई थी, लेकिन उसका हौसला कभी नहीं टूटा। पिछले सात सप्ताह से वह अपनी नन्ही-सी देह में असाधारण साहस के साथ जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। अब हमारी बारी है कि हम उसे संभालें। श्री अनंत अंबानी की संवेदनशीलता और सहयोग से सड़क मार्ग से कई दिनों में पूरी होने वाली यात्रा अब कुछ घंटों में पूरी हो सकेगी। वंतारा में हम उसे दोबारा खड़ा करने, चलने और एक दिन दौड़ने लायक बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।”
जन्म के साथ ही शुरू हो गई थी संघर्ष की कहानी
राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था। उसकी मां की उम्र उस समय महज 11 वर्ष थी और वह पहली बार मां बनी थी। प्रसव के बाद घबराहट और बेचैनी की स्थिति में हथिनी ने अपने नवजात बच्चे को लात मार दी, जिससे राजा की दाहिनी पिछली टांग की जांघ की मुख्य हड्डी (फीमर) पूरी तरह टूट गई। यह चोट उसे जन्म के पहले ही दिन लगी थी।
जिस उम्र में हाथी का बच्चा अपनी मां के साथ लड़खड़ाते हुए चलना सीखता है, उस समय राजा न तो खड़ा हो पा रहा था और न ही अपने पैरों पर वजन डाल सकता था। उसे मां का पहला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) और सामान्य दूध भी नहीं मिल सका। नवजात हाथी के लिए यह दूध रोग प्रतिरोधक क्षमता और शारीरिक मजबूती का प्रमुख स्रोत होता है।
घर पर सात सप्ताह तक चला उपचार
राजा के मालिक और देखभाल करने वालों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ मदद के लिए वंतारा से संपर्क किया। इसके बाद वंतारा की रैपिड रिस्पांस टीम 8 अक्टूबर 2026 को उसके पास पहुंची।
एक्स-रे जांच में पता चला कि उसकी जांघ की हड्डी पूरी तरह टूटने के साथ अपनी जगह से खिसक गई थी। इसके बाद चिकित्सकों ने प्लास्टर और सहायक पट्टियों से घायल पैर को स्थिर किया। राजा को खड़ा करने और चोटिल पैर पर दबाव कम करने के लिए विशेष स्लिंग का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, मां के दूध के विकल्प के रूप में विशेष पोषणयुक्त दूध तैयार कर बोतल से पिलाने की व्यवस्था की गई और देखभाल करने वालों को जरूरी प्रशिक्षण भी दिया गया।
10 अक्टूबर को राजा को उसके मालिक के पोहुमारा स्थित आवास पर ले जाया गया। वहां वंतारा की टीम लगातार उपचार, देखभाल और चौबीसों घंटे निगरानी करती रही। उसकी शारीरिक गतिविधियों को बेहतर बनाने और टूटी हड्डी पर वजन डाले बिना शरीर को मजबूत करने के उद्देश्य से आराम करने की जगह के पास ही एक हाइड्रोथेरेपी तालाब भी बनाया गया।
कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा राजा
मां का दूध नहीं मिलने और सामान्य रूप से चलने-फिरने में असमर्थता के कारण राजा को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। उसे दस्त की शिकायत हुई। प्रयोगशाला जांच में क्लेब्सिएला न्यूमोनिया (Klebsiella pneumoniae) नामक बैक्टीरिया का संक्रमण भी पाया गया। इसके अलावा उसके रक्त में शुगर का स्तर बार-बार कम होने लगा। रक्त जांच में लिवर से जुड़े एंजाइम का स्तर बढ़ा हुआ मिला, जो लिवर पर पड़ रहे दबाव का संकेत था।
लंबे समय तक लेटे रहने के कारण उसके सिर पर दबाव से घाव भी हो गए। इसके अलावा उसे नाभि संबंधी हर्निया और सामान्य शारीरिक कमजोरी की समस्या भी है।
चिकित्सकों ने इन समस्याओं के उपचार के लिए जरूरत के अनुसार एंटीबायोटिक दवाएं, नसों के जरिए तरल पदार्थ, लिवर को सहारा देने वाली दवाएं, विटामिन, खनिज, प्रोबायोटिक्स और घावों की देखभाल के साथ विशेष पोषण की व्यवस्था की। इसके बावजूद राजा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
अब उसे ऐसे अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत है, जहां आधुनिक जांच सुविधाओं, लगातार चिकित्सकीय निगरानी, हड्डी रोग विशेषज्ञों की देखरेख और व्यवस्थित पोषण एवं पुनर्वास कार्यक्रम की सुविधा उपलब्ध हो।
विशेष विमान से चार घंटे में पहुंचेगा जामनगर
राजा को 20 नवंबर 2026 को गुवाहाटी से विशेष विमान के जरिए जामनगर ले जाया जा रहा है। यह हवाई यात्रा लगभग चार घंटे की होगी। उसके लिए विशेष रूप से तैयार एक सुरक्षित क्रेट (पिंजरेनुमा परिवहन व्यवस्था) बनाई गई है, जो उसके छोटे शरीर के आकार के अनुरूप है। इसमें टूटी हुई टांग को स्थिर और सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, उड़ान के दौरान झटकों से बचाने और सिर के घावों को सुरक्षित रखने के लिए इसमें नरम बिस्तर लगाया गया है।
पूरी यात्रा के दौरान वंतारा के पशु चिकित्सक, पैरावेट और देखभाल करने वालों की एक विशेष टीम उसके साथ रहेगी। टीम लगातार उसकी हृदय गति, सांस, शरीर का तापमान, शरीर में पानी की मात्रा और रक्त में शुगर के स्तर की निगरानी करेगी। यात्रा के दौरान जरूरी दवाएं, तरल पदार्थ और दूध भी उपलब्ध रहेंगे।
हवाई मार्ग से ले जाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि कई दिनों की सड़क यात्रा कुछ घंटों में पूरी हो जाएगी। इससे राजा को होने वाले तनाव और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को कम किया जा सकेगा।
वंतारा के अस्पताल में होगा आगे का उपचार
जामनगर पहुंचने के बाद राजा को वंतारा के हाथी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वहां विशेषज्ञ चिकित्सक उसकी पूरी स्वास्थ्य जांच करेंगे। इसके बाद दर्द नियंत्रण, दवाओं, शारीरिक गतिविधियों को बेहतर बनाने वाली थेरेपी और पोषण पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
चोट की गंभीरता को देखते हुए राजा को भविष्य में भी लंबे समय तक पशु चिकित्सकीय देखभाल और नियमित निगरानी की जरूरत पड़ सकती है। वंतारा ने उसके जीवनभर उपचार और देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की प्रतिबद्धता जताई है।
क्या है वंतारा
वंतारा का अर्थ ‘वन का तारा’ है। यह गुजरात के जामनगर में स्थित वन्यजीव बचाव, उपचार, कल्याण और संरक्षण से जुड़ी एक पहल है। इसकी स्थापना रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने की है।
यहां आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं, विशेष बुनियादी ढांचे और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की मदद से वन्यजीवों के बचाव, उपचार, पुनर्वास और जीवनभर देखभाल का काम किया जाता है। वंतारा भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरकारी संस्थाओं तथा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े संगठनों के साथ मिलकर काम करता है। इसके तहत प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों की वापसी, स्थानीय प्रजातियों का संरक्षण, पर्यावास बहाली और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने से जुड़े प्रयास भी किए जाते हैं।



