Switch Board Cleaning: घर की साफ-सफाई में अक्सर लोग उन चीजों पर ज्यादा ध्यान देते हैं जो आसानी से नजर आती हैं। लेकिन दीवारों पर लगे स्विच बोर्ड धीरे-धीरे इतने गंदे हो जाते हैं कि उनकी चमक पूरी तरह गायब हो जाती है। लगातार इस्तेमाल, धूल और हाथों के संपर्क के कारण इन पर मैल जमता रहता है। यही वजह है कि कुछ समय बाद सफेद स्विच बोर्ड भी काले या पीले दिखाई देने लगते हैं।
स्विच बोर्ड की सफाई करते समय जल्दबाजी करना नुकसानदायक हो सकता है। सबसे पहले संबंधित बिजली कनेक्शन को पूरी तरह बंद करना जरूरी है। केवल स्विच ऑफ कर देने से काम नहीं चलता। बेहतर सुरक्षा के लिए मेन सप्लाई या एमसीबी बंद करनी चाहिए। इससे सफाई के दौरान किसी भी तरह के करंट का खतरा नहीं रहता।
ड्राई क्लीनिंग से शुरू करें
सबसे पहले सूखे और मुलायम कपड़े से स्विच बोर्ड की सतह पर जमी धूल साफ करें। कई बार केवल धूल हटाने से ही बोर्ड पहले से काफी बेहतर दिखाई देने लगता है।
बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल
यदि बोर्ड पर पुराने और जिद्दी दाग हैं, तो बेकिंग सोडा मददगार साबित हो सकता है। कपड़े पर थोड़ा बेकिंग सोडा लगाकर दाग वाली जगह को हल्के हाथ से रगड़ें। इससे जमा हुई गंदगी धीरे-धीरे हटने लगती है और बोर्ड साफ दिखने लगता है।
छोटे हिस्सों की सफाई भी जरूरी
स्विच के किनारों और प्लग पॉइंट्स के आसपास अक्सर धूल जमा रहती है। इन हिस्सों को साफ करने के लिए पुराने सूखे टूथब्रश का उपयोग किया जा सकता है। इससे बिना किसी नुकसान के कोनों तक सफाई पहुंच जाती है।
इन गलतियों से बचें
सफाई करते समय पानी, स्प्रे या किसी तरल पदार्थ को सीधे स्विच बोर्ड पर न डालें। इसके अलावा तेज केमिकल का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए। यदि बोर्ड से चिंगारी निकलती हो या वह क्षतिग्रस्त दिखाई दे, तो तुरंत इलेक्ट्रिशियन से जांच करानी चाहिए।
समय-समय पर स्विच बोर्ड की सफाई करने से घर अधिक साफ और व्यवस्थित दिखाई देता है। साथ ही बिजली से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा भी बनी रहती है। थोड़ी सावधानी और सही तरीके से सफाई करके पुराने और मैले स्विच बोर्ड को दोबारा चमकदार बनाया जा सकता है।
written by Siddhi Srivastava



