Rahul Gandhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का ऐतिहासिक रामलीला मैदान आगामी 1 नवंबर को एक बार फिर बड़े राजनीतिक संग्राम का साक्षी बनने जा रहा है। कांग्रेस और ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन द्वारा आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ जन मार्च और महारैली से ठीक पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया (‘X’) पर पोस्ट जारी कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने बयान में तंज कसते हुए बीजेपी और उसके सहयोगियों का शुक्रिया भी अदा किया।
‘वोटर लिस्ट से नाम काटे गए, नियम-कानून तोड़े गए’
राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित धांधली को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “हमारा वोट चुराया जा रहा है और इसे हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे। मतदाता सूचियों से नाम काटे गए, नियम और कानून ताक पर रखे गए, और जब सवाल पूछे गए तो लाठियां चलाई गईं। अब इसका करारा जवाब देश की जनता देगी।”
उन्होंने देश के विभिन्न वर्गों से दिल्ली पहुंचने की अपील करते हुए लिखा, “छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी—जिस-जिस को भी लोकतंत्र की फिक्र है, वह 1 नवंबर को दिल्ली ज़रूर आए। वोट आपका है और यह लड़ाई भी आपकी ही है। 1 नवंबर—चलो दिल्ली!”
बीजेपी के प्रचार अभियान पर कसा तंज
महारैली के प्रचार-प्रसार को लेकर राहुल गांधी ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, “BJP और उनके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँचा रहे हैं। बस अगले 7 दिनों तक भी यही जोश और लगन बनाए रखिए।”
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने झोंकी ताकत
उल्लेखनीय है कि ‘इंडिया’ गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ लगातार विरोध दर्ज करा रहा है। 1 नवंबर की इस महारैली को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने शीर्ष स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी आलाकमान की ओर से वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न राज्यों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल्ली लाने के निर्देश दिए गए हैं।



