Kishtwar SPO Case: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की मौत के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार से लापता चल रहे दोनों पुलिसकर्मियों के शव बरामद हुए हैं। उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए हैं, जबकि उनके सर्विस हथियार मौके से गायब हैं। हथियारों का नहीं मिलना जांच एजेंसियों के लिए अहम पहलू बन गया है। अधिकारियों ने घटना में आतंकियों की भूमिका की आशंका से इनकार नहीं किया है, लेकिन अभी तक किसी आतंकी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में की गई है। दोनों दच्छन क्षेत्र के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) के साथ तैनात थे। उनके अचानक लापता होने के बाद पुलिस और सेना ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया था।
सेना की पोस्ट के रास्ते से गायब हुए थे दोनों एसपीओ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को बाबी चंद और रशपाल कुमार अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों का संपर्क टूट गया। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन चालू थे और संपर्क हो पा रहा था, लेकिन कुछ समय बाद फोन बंद हो गए।
दोनों के लापता होने की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस और सेना के अतिरिक्त जवानों को अभियान में लगाया गया। कियार गांव से लेकर धरना-मरवाह तक के रास्तों और आसपास के दुर्गम इलाकों में तलाश की गई।
जंगलों में चलाया गया व्यापक तलाशी अभियान
लापता एसपीओ की खोज के लिए सुरक्षा बलों ने कई स्तरों पर अभियान चलाया। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। वहीं, जमीनी टीमों के साथ खोजी कुत्तों को भी लगाया गया।
सुरक्षा बलों ने घने जंगलों, प्राकृतिक रास्तों और दूरस्थ इलाकों में तलाशी ली। अभियान के दौरान कई टीमों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया। इसके बाद दोनों एसपीओ के शव बरामद किए गए।
हथियारों का गायब होना जांच का अहम पहलू
दोनों पुलिसकर्मियों के शव मिलने के बाद उनके सर्विस हथियारों का गायब होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हथियारों का नहीं मिलना आतंकियों की संभावित संलिप्तता की ओर संदेह पैदा करता है।
हालांकि, जांच एजेंसियां अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों एसपीओ किन परिस्थितियों में लापता हुए और उनकी मौत के पीछे कौन जिम्मेदार है। अधिकारियों ने जांच पूरी होने से पहले घटना को आतंकी हमला बताने से परहेज किया है।
किश्तवाड़ के जंगलों में पहले से सक्रिय हैं सुरक्षा अभियान
किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के पहाड़ी और जंगल वाले क्षेत्रों में आतंकवाद विरोधी अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इन इलाकों में आतंकियों की संभावित मौजूदगी सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बनी हुई है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में आतंकी घटनाओं में चार आतंकियों और सेना के एक जवान समेत पांच लोगों की मौत हुई। वर्ष 2025 में तीन आतंकियों और सेना के एक जवान समेत चार लोगों की जान गई थी। जबकि वर्ष 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों की मौत हुई थी।
शगुन परिहार ने की दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
दो एसपीओ की मौत पर किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने दुख जताया है। उन्होंने बताया कि दोनों के लापता होने की जानकारी पिछली रात मिली थी। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे एक और नौ बजे दूसरे एसपीओ का शव बरामद होने की सूचना मिली।
विधायक ने पाकिस्तान पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से मामले में जिम्मेदार लोगों को जल्द सजा दिलाने की अपील की। उन्होंने घटना के जवाब में कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रही हैं।
कुलगाम में सीआरपीएफ पर हमले के बाद दूसरे दिन भी तलाशी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सुरक्षा एजेंसियां उन लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं, जिन्होंने सीआरपीएफ की एक टीम पर हमला किया था। इलाके में संदिग्धों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
बारामुला के जंगल में मिले दो हैंड ग्रेनेड, एक व्यक्ति गिरफ्तार
दूसरी ओर, बारामुला जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बदरकूट के जंगलों में क्षेत्र नियंत्रण गश्त के दौरान पुलिस ने बीएसएफ की 112/06 बटालियन, सेना की 2 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 176वीं बटालियन के साथ मिलकर कार्रवाई की।
इस दौरान बदरकोट, तंगमर्ग निवासी गुलाम जीलानी रेशी को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड मिला। इसके बाद उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया दूसरा ग्रेनेड भी बरामद किया गया।
पुलिस ने तंगमर्ग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब बरामद ग्रेनेड के स्रोत, संभावित इस्तेमाल और आरोपी के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।



